BJP Leader Jitin Prasad Interview : युवा नेता जितिन प्रसाद बोले- चुनौतीपूर्ण समय से गुजर रहा भारत, देशहित में प्रधानमंत्री को और सशक्त करने की जरूरत

BJP Leader Jitin Prasad Interview वह युवा हैं। राजनीतिक उन्हें विरासत में मिली है। बीस वर्ष कांग्रेस का बड़ा चेहरा रहे। लगातार दो बार केंद्र सरकार में मंत्रिपद संभाला। अब भाजपा में बड़े ब्राह्मण चेहरा होंगे। उन्हें भी पार्टी की अपेक्षाओं व अपनी जिम्मेदारियों का अहसास है।

By Ravi MishraEdited By: Publish:Sat, 26 Jun 2021 10:54 AM (IST) Updated:Sat, 26 Jun 2021 10:54 AM (IST)
BJP Leader Jitin Prasad Interview : युवा नेता जितिन प्रसाद बोले- चुनौतीपूर्ण समय से गुजर रहा भारत, देशहित में प्रधानमंत्री को और सशक्त करने की जरूरत
BJP Leader Jitin Prasad Interview : युवा नेता जितिन प्रसाद बोले- चुनौतीपूर्ण समय से गुजर रहा भारत

बरेली, जेएनएन। BJP Leader Jitin Prasad Interview : वह युवा हैं। राजनीतिक उन्हें विरासत में मिली है। बीस वर्ष कांग्रेस का बड़ा चेहरा रहे। लगातार दो बार केंद्र सरकार में मंत्रिपद संभाला। अब भाजपा में बड़े ब्राह्मण चेहरा होंगे। उन्हें भी पार्टी की अपेक्षाओं व अपनी जिम्मेदारियों का अहसास है। भाजपा में शामिल होने के बाद पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद पहली बार जिले में थे। दैनिक जागरण से उन्होंने बातचीत की। इस दौरान कांग्रेस से तीन पीढ़ी पुराना नाता तोड़कर भाजपा में शामिल होने के कारण व आगे की चुनौतियों के बारे में बात की।

प्रश्न : लोकसभा चुनाव के दौरान ही आपके भाजपा में जाने की अटकलें लगी, फैसला लेने में इतना वक्त क्यों लगा?

उत्तर : भाजपा में आने का निर्णय अचानक नहीं लिया है। यह काफी सोच समझकर, समर्थकों की राय लेकर उठाया गया कदम है। देश व जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने के लिए इस दल को चुना है।

प्रश्न : भाजपा में ही आने की कोई खास वजह?

उत्तर : सार्वजनिक जीवन में आने का उद्देश्य होता है जनता की सेवा, देश के प्रति योगदान, अपने समर्थकों के हितों की रक्षा। दल इसमें माध्यम होता है। कुछ वर्षों में मैंने महसूस किया कि बदलते भारत के परिप्रेक्ष्य में भाजपा ही वह एकमात्र राष्ट्रीय दल है जिससे जुड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता के हितों की रक्षा व समाज की भलाई में अपना योगदान दे सकता हूं।

प्रश्न : आप ऐसे दौर में भाजपा में आए हैं, जब संगठन नए सिरे से ओवरहालिंग में जुटा है। कैसे मजूबती देंगे पार्टी को?

उत्तर : पार्टी में आने के कारण बता चुका हूं। रही बात उतार-चढ़ाव की तो यह राजनीति में आते रहते हैं। जिस चुनौतीपूर्ण समय से भारत गुजर रहा है। उसमें बात चाहें सीमा की हो या देश के अंदर के हालात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही इनसे निपटने में सक्षम हैं। आने वाली पीढ़ियों के लिए यह दशक बहुत निर्णायक है। इसमें भारत की विश्व पटल पर भूमिका तय होगी। इसके लिए प्रधानमंत्री को और ज्यादा सशक्त करने की जरूरत है। ताकि वह चुनौतियों का सामना कर देश को आगे बढ़ाने के साथ नौजवान पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित कर सकें।

प्रश्न : यूपी सरकार पर ब्राह्मण विरोधी होने का आरोप लग रहा है, यह कितना सही है। आपको भाजपा का बड़ा ब्राह्मण चेहरा माना जा रहा है। समाज की उम्मीदों पर कैसे खरा उतरेंगे?

उत्तर : सभी अपने समाज के लिए कुछ न कुछ योगदान देते हैं। मैं सभी वर्गों को साथ लेकर चलता हूं। आखिरी पंक्ति के हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचाना मेरी हमेशा प्राथमिकता रही है। एक संस्था के साथ संरक्षक के रूप में जुड़ा था। समाज के लोगों को एकत्रित करने, उनके उत्पीड़न पर न्याय दिलाने के लिए आवाज उठा रहा था। अब भाजपा में आने के बाद समाज के लिए मजबूती से काम करके दिखाऊंगा।

प्रश्न : कांग्रेस छोड़ने की कोई खास वजह, दिग्विजय सिंह समेत तमाम नेताओं का कहना है कि कांग्रेस ने आपको बहुत कुछ दिया।

उत्तर : यह बात सही है कि कांग्रेस में मुझे बहुत पद मिले, लेेकिन मैंने पार्टी पद न मिलने या किसी व्यक्ति विशेष से नाराजगी के कारण नहीं छोड़ी। दरअसल पार्टी में वह माध्यम नहीं रह गया जिससे जनता की सेवा कर सकता, देश के प्रति कोई योगदान दे सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व और भाजपा वह माध्यम है जिससे नवभारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकूंगा।

प्रश्न : प्रियंका गांधी यूपी में कांग्रेस का चेहरा बनी हैं, उनकी चुनौती को किस रूप में देखते हैं ?

उत्तर : कौन क्या बन रहा है मुझे नहीं पता। इतना जानता हूं कि पार्टी के जो लक्ष्य, उद्देश्य है सिद्धांत हैं उनके अनुरूप एक सामान्य भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काम करुंगा। प्रयास रहेगा कि नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरूं।

प्रश्न : आपके नए सियासी कदम से शाहजहांपुर को क्या फायदा होगा ?

उत्तर : यह हमारा घर है यहां की जनता हमें अपना परिवार मानती है। हमारे परिवार को पहचान यहां के लोगों ने ही दी है। भाई व बेटे के रूप में हर समय लोगों के साथ हूं। प्रयास रहेगा कि यहां के लोगों का आशीर्वाद हमेशा हमारे ऊपर बना रहे।

chat bot
आपका साथी