'न्याय पत्र में गोमांस का जिक्र नहीं', कांग्रेस ने कहा- गुमराह कर रहे CM योगी, BJP ने ही बीफ कंपनी से लिया चंदा
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष डा.सीपी ने राय ने कहा कि कांग्रेस के न्याय पत्र में कहीं भी गोमांस का जिक्र नहीं है लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते दिन मुरादाबाद की एक जनसभा में इस संबंध में गलत बयानबाजी कर लोगों को गुमराह किया है। आरोप लगाया कि भाजपा ने गोमांस के कारोबारियों से चुनावी चंदा लिया है। बीते दस वर्षों गोमांस का कारोबार बढ़ा है।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष डा.सीपी ने राय ने कहा कि कांग्रेस के न्याय पत्र में कहीं भी गोमांस का जिक्र नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते दिन मुरादाबाद की एक जनसभा में इस संबंध में गलत बयानबाजी कर लोगों को गुमराह किया है। इस मुद्दे पर चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने गोमांस के कारोबारियों से चुनावी चंदा लिया है। बीते दस वर्षों गोमांस का कारोबार बढ़ा है।
'लोगों का कम मतदान करना कांग्रेस के पक्ष में'
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में राय ने पत्रकारों से कहा कि जिन सीटों पर मतदान हो चुका है, वहां के कार्यकर्ताओं से रिपोर्ट लेने के बाद यह बात सामने आई है लोगों का कम मतदान करना कांग्रेस के पक्ष में गया है। पिछले चुनाव में लोगों ने भावनाओं में बहकर मतदान किया था। इस बार लोग जागरूक हो चुके है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि भाजपा ने पूंजीपतियों का 16 लाख करोड़ का कर्ज माफ किया है। कांग्रेस की सरकार आने पर पूंजीपतियों की बजाय किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के तमाम नेता व प्रधानमंत्री कांग्रेस के बढ़ते ग्राफ से घबरा गए हैं और उल्टी-सीधी बयानबाजी कर रहे हैं।