एबीवीपी ने मचाया उत्पात, उखाड़ा टेंट, परीक्षा कक्ष में जड़ा ताला

विवादों में घिरे बरेली कॉलेज को भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने का कथित आंदोलन शानिवार को अराजकता में बदल गया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Feb 2019 12:40 AM (IST) Updated:Sun, 24 Feb 2019 12:40 AM (IST)
एबीवीपी ने मचाया उत्पात, उखाड़ा टेंट, परीक्षा कक्ष में जड़ा ताला
एबीवीपी ने मचाया उत्पात, उखाड़ा टेंट, परीक्षा कक्ष में जड़ा ताला

जेएनएन, बरेली : विवादों में घिरे बरेली कॉलेज को भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने का कथित आंदोलन शनिवार को अराजकता में बदल गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने कैंपस में जमकर उत्पात मचाया। परीक्षा के लिए लगा टेंट-तंबू उखाड़ फेंका। परीक्षा सामग्री कक्ष में ताला जड़ दिया। परीक्षा के एक जिम्मेदार शिक्षक को बाहर खदेड़ दिया। वहीं, बारादरी पुलिस, एलआइयू और कॉलेज स्टॉफ सब तमाशबीन बने रहे। चीफ प्रॉक्टर जरूर कार्यकर्ताओं को चेतावनी देती रहीं, मगर वे नहीं माने। परीक्षा व्यवस्था तहस-नहस करके दम लिया।

बरेली कॉलेज रुविवि का सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र है। सोमवार से परीक्षा शुरू हो रही हैं। यहां 50 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा से ठीक दो दिन पहले कॉलेज में हुए इस घटनाक्रम से प्रशासन सकते में है। शनिवार को सुबह साढ़े नौ बजे एबीवीपी ने विरोध-प्रदर्शन का समय तय किया था। कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी थी। दोपहर को कार्यकर्ता कैंपस पहुंचे। पुलिस भी पहुंच गई। विरोध-प्रदर्शन से पहले बैठक हुई। जिसे पंचायत बताया गया। इसके बाद कार्यकर्ता प्राचार्य कक्ष में पहुंचे मगर वह नहीं मिले तो आक्रोशित हो गए। परीक्षा सामग्री कक्ष में पहुंचे, ताला जड़ दिया। शिक्षकों ने कहा कि इससे छेड़छाड़ न करें। क्योंकि इसमें परीक्षा सामग्री यानी प्रश्न-पत्र, कॉपी और अन्य चीजें रखी हैं। इस बीच परीक्षार्थियों की तलाशी के लिए जो टेंट-तंबू, बेरीकेडिंग बना था, उसे उखाड़ने लगे। पाइप पर झूलते कार्यकर्ता और नारे के बीच करीब पंद्रह मिनट तक अराजकता की स्थिति बनी रही।

प्रबंध समिति के सचिव का पुतला फूंका

कार्यकर्ताओं ने पुलिस को चकमा देकर प्रबंध समिति के सचिव का पुतला फूंका। खास बात यह थी कि सचिव के साथ कमिश्नर, कुलपति, डीएम, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी का पुतला रखा गया था। इसे हालिया कॉलेज प्रबंधन और प्रशासन के बीच हुए घटनाक्रम के विरोध से जोड़कर देखा जा रहा है।

पुलिस-प्रशासन सब खामोश

घटनाक्रम पुलिस की नजरों के सामने हो रहा था। पर वो मूकदर्शक बनी रही। कॉलेज प्रशासन ने भी पूरे घटनाक्रम से किनारा कर लिया। परीक्षा में व्यवधान डालने के मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई।

टेंट में गोलमाल तभी उखाड़ा

एबीवीपी के संगठन मंत्री राहुल चौहान ने कहा कि परीक्षा में लगने वाले टेंट-तंबू और अन्य मदों में भी लाखों का गोलमाल होता है। इसलिए इसे उखाड़ा गया।

बैठक में उठाए ये मुद्दे

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज की दिशा-दशा पर चर्चा की। निष्कर्ष निकला कि कोचिंग के लिए छात्रों पर दबाव डाला जाता। इसलिए पढ़ाई नहीं होती। स्वच्छता, पेयजल जैसी समस्याएं बनी हैं। घोटाले पर शोर मचा। आरोप सिद्ध नहीं कर पाए। भ्रष्टाचारियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

-------

विरोध प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने तंबू-टेंट उखाड़ दिया। उन्हें रोका जाता रहा, पर नहीं माने। कार्रवाई को लेकर कॉलेज प्रशासन की ओर से मुझे कोई निर्देश नहीं मिला है।

-डॉ. वंदना शर्मा, चीफ प्रॉक्टर बरेली कॉलेज

chat bot
आपका साथी