एकतरफा प्रेम में युवक ने सनक की लांघ दी सीमा, मां और बेटी की हत्या कर खुद को मारी गोली

बांदा में एक युवक ने एकतरफा प्रेम में पहले मां और बेटी की हत्या की और फिर खुद को भी गोली मार ली।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 29 Jul 2019 10:20 PM (IST) Updated:Tue, 30 Jul 2019 12:16 AM (IST)
एकतरफा प्रेम में युवक ने सनक की लांघ दी सीमा, मां और बेटी की हत्या कर खुद को मारी गोली
एकतरफा प्रेम में युवक ने सनक की लांघ दी सीमा, मां और बेटी की हत्या कर खुद को मारी गोली

बांदा, जेएनएन। एक युवक के एकतरफा प्रेम ने सोमवार को सनक की सीमा लांघ दी। उसने युवती और उसकी मां की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद अपनी कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार ली।

गिरवां कस्बा निवासी 40 वर्षीय सुधांशु मिश्रा गांव की 20 वर्षीय अंजू पुत्री फूलचंद्र आरख से एकतरफा प्रेम करता था। लड़की के पिता और भाई सूरज उसे घर आने से मना करते थे। यह सुधांशु को नागवार गुजरता था। सोमवार दोपहर वह दीवार फांदकर युवती के घर में घुस गया और आंगन में प्रेमिका की 50 वर्षीय मां तुलसा के गले में गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान अंजू वहां पहुंची तो उसकी दाहिनी कनपटी में गोली मार दी। उसकी भी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद युवक ने बरामदे में खुद की कनपटी में तमंचे से गोली मारकर खुदकशी कर ली।

पड़ोसियों ने गोली चलने की आवाज सुनकर खेत में मौजूद फूलचंद्र व उसके भाई सूरज को फोन पर घटना की सूचना दी। परिजन पुलिस को लेकर पहुंचे। अंजू और उसकी मां के शव आंगन में जमीन पर पड़े मिले। सुधांशु का शव बरामदे में चारपाई में पड़ा मिला। उसके हाथ में तमंचा फंसा था। डीआइजी दीपक कुमार, एसपी गणेश साहा, सीओ सिटी आलोक मिश्रा, सीओ नरैनी कुलदीप गुप्ता व थानाध्यक्ष आदि ने घटनास्थल पर जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य संकलित किए।

अंजू के भाई सूरज ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि तीन वर्ष पहले उसने सुधांशू की जमीन बंटाई पर ली थी। इसी दौरान उसका घर आना-जाना शुरू हुआ। बहन पर बुरी नजर रखता था, इसलिए खेती बंटाई पर लेना बंद करने के साथ उसे घर आने से मना किया था। सुधांशु उन्हें अक्सर जान से मारने की धमकी देता था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुधांशु के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। एसपी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग के चलते ही घटना होना सामने आया है।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी