आग से 19 घर व 18 बीघे फसल जलकर राख

बहराइच जिले के अलग-अलग स्थानों पर सोमवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई। इसमें 19 घर जलकर राख हो गए।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 12 Apr 2021 10:53 PM (IST) Updated:Mon, 12 Apr 2021 10:53 PM (IST)
आग से 19 घर व 18 बीघे फसल जलकर राख
आग से 19 घर व 18 बीघे फसल जलकर राख

बहराइच : जिले के अलग-अलग स्थानों पर सोमवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई। इसमें 19 घर जलकर राख हो गए। 18 बीघे गेहूं की फसल भी जलकर नष्ट हो गई। लाखों रुपये भी जलकर नष्ट हो गए। फसल जलने से किसानों के अरमान टूट गए। राजस्व कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया।

मिहींपुरवा : तहसील क्षेत्र के ग्रामपंचायत अड़गोड़वा के बढ़ैया गांव में अचानक आग लग गई। आग बुझाने की दौड़ के बीच तेज हवा से स्थिति और भयावह हो गई। अग्निकांड में शाकिर अली, जाकिर अली, नादिर अली, महरूल, झुर्रा, टेनी, मौजी लाल, जाहिद, इमरान, सलमान के घर जलकर राख हो गए। जाकिर अली के घर में रखे 65 हजार व नादिर अली के 35 हजार रुपये भी जलकर नष्ट हो गए। एसडीएम ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी, तहसीलदार विनीत कुमार सिंह व हल्का लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया। नुकसान की रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी है।

महसी : हरदी थाना क्षेत्र के देवरायपुर में खेत में दोपहर आग लगने से इटहू, नन्हें, प्रवेश, जुगुल, भल्लर व विदेशी की 15 बीघे गेहूं की खड़ी फसल जल गई। ग्रामीणों ने मशक्कत कर आसपास के खेतों को जलने से बचा लिया। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है। तहसीलदार राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि क्षति का आकलन कराकर सहायता दिलाई जाएगी।

कैसरगंज : ग्राम उमरी में आग लग गई। इसमें रामदीन, विक्रम, बाबू व कोयली के घर जलकर राख हो गए। इसकी पूरी गृहस्थी, नकदी व अनाज जल गया। ग्रामीणों व अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेखपाल दिलीप यादव ने क्षति का आकलन कर सहायक दिलाने का आश्वासन दिया।

चर्दा : रुपईडीहा थाना के दर्जी गांव में अचानक आग लगने से प्रह्लाद व मनोरथ की तीन बीघे गेहूं की फसल जल गई। ग्रामीणों ने रोटावेटर से जोत कर आग बुझाई। सूचना के बाद भी कोई राजस्व कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।

शिवपुर : ब्लॉक क्षेत्र के बरुही टेपरी के भुईहारनपुरवा में आग से दिनेश कुमार, सूबेदार, फौजदार, लक्ष्मीनरायन, जसवंत के फूस के मकान जल गए। ग्रामीणों ने पंपिग सेट से आग बुझाई। एक लाख की संपत्ति नष्ट हो गई। लेखपाल शुभम यादव ने क्षति का आकलन किया।

chat bot
आपका साथी