फांसी के फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव

अमरोहा विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पाकर मायके वाले बेटी की ससुराल पहुंचे।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 May 2019 10:51 PM (IST) Updated:Fri, 24 May 2019 10:51 PM (IST)
फांसी के फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव
फांसी के फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव

अमरोहा : विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पाकर मायके वाले पहुंचे तथा दहेज की मांग पूरी न करने पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पति, सास व ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

यह घटना बछरायूं थाना क्षेत्र के गांव मूंढ़ा खादर की है। यहां रहने वाले नन्हुआ सिंह के बेटे रवि की शादी 28 जून, 17 को मुरादाबाद जनपद के थाना कांठ के गांव सुंदरपुर चाऊपुरा निवासी समरपाल सिंह की बेटी सपना के साथ हुई। आरोप है शादी के बाद से ही सपना को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। इस दौरान उनके परिवार में बेटे सुर्यांश ने जन्म लिया। बीते कई दिन से दंपती के बीच विवाद चल रहा था।

बताते हैं बेटी द्वारा शिकायत करने पर समरपाल सिंह कई रिश्तेदारों को लेकर मूंढ़ा खादर गए भी थे। वहां मामले को सुलझाने का प्रयास किया परंतु विवाद शांत नहीं हुआ। गुरुवार दोपहर बाद सपना का शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। ससुरालियों ने रात आठ बजे मायके वालों को सपना की मौत की सूचना दी। कहा सपना ने फांसी लगाकर जान दे दी है।

सूचना पाकर मायके वाले मूंढ़ा खादर पहुंच गए। उन्होंने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतका के पिता ने पति रवि, सास उमेश देवी, ससुर नन्हुआ सिंह, ननद अश्विनी देवी व रवि के दादा उमराव सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी