उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने प्रधानाचार्य भर्ती 2011 के तीन मंडलों का घोषित किया परिणाम

Principal Recruitment 2011 उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने नौ साल में दस मंडलों का परिणाम घोषित किया है। सात मंडलों का रिजल्ट पहले ही जारी हो चुका है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Tue, 04 Aug 2020 10:04 PM (IST) Updated:Tue, 04 Aug 2020 10:04 PM (IST)
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने प्रधानाचार्य भर्ती 2011 के तीन मंडलों का घोषित किया परिणाम
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने प्रधानाचार्य भर्ती 2011 के तीन मंडलों का घोषित किया परिणाम

प्रयागराज, जेएनएन। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने प्रधानाचार्य भर्ती 2011 के तीन मंडलों का परिणाम घोषित किया है। झांसी, बरेली और देवीपाटन मंडल के लिए 61 चयनितों का पैनल जारी किया गया है। हालांकि चयन के लिए साक्षात्कार काफी पहले पूरा हो चुका था, अब कोर्ट के आदेश पर रिजल्ट जारी किया गया है। चयन बोर्ड ने नौ साल में दस मंडलों का परिणाम घोषित किया है। ज्ञात हो कि सात मंडलों का रिजल्ट पहले ही जारी हो चुका है।

उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के रिक्त 942 पदों के लिए वर्ष 2011 में भर्ती निकाली गई थी। उस समय सभी 16 मंडलों में पद खाली थे। अभ्यर्थियों से आवेदन लेकर 31 जनवरी 2014 को साक्षात्कार शुरू हुए। लंबे समय तक यह भर्ती कोर्ट में फंसी रही। न्यायालय से हरी झंडी मिलने पर चयन बोर्ड ने प्रदेश के नौ मंडलों में 386 पदों के साक्षात्कार कराए, उनमें से 11 पद निरस्त कर दिए। चयन बोर्ड ने पहले चार मंडलों सहारनपुर, लखनऊ, मीरजापुर व वाराणसी का परिणाम जारी किया। कुछ माह बाद तीन और मंडल आजमगढ़, आगरा व प्रयागराज का रिजल्ट आया। इसमें चयनित ज्यादातर प्रधानाचार्य कार्यभार ग्रहण कर चुके हैं।

जिन मंडलों का रिजल्ट रुका है, वहां के दावेदार कोर्ट पहुंचे, जिसके आदेश पर तीन मंडलों देवीपाटन, बरेली व झांसी का रिजल्ट घोषित किया गया है। झांसी में बालक इंटरमीडिएट कॉलेजों में नौ, बालिका इंटर कालेजों में तीन, बालक हाईस्कूल कॉलेजों में सात और बालिका हाईस्कूल कॉलेजों में एक पैनल सहित कुल 20 जारी हुए हैं।

इसी तरह से देवीपाटन मंडल में बालक इंटर में चार, बालक हाईस्कूल में पांच और बालिका हाईस्कूल में दो सहित कुल 11 पैनल और बरेली मंडल के लिए बालक इंटर के 13, बालिका इंटर के छह और बालक हाईस्कूल के 11 सहित कुल 30 पैनल जारी हुए हैं।

बहरहाल, छह मंडलों के परिणाम की राह अभ्यर्थियों को देखनी पड़ेगी। इनका परिणाम कब तक आएगा, अभी स्पष्ट नहीं है। इतना ही नहीं भर्ती में कानपुर मंडल का साक्षात्कार अभी तक नहीं हुआ है।

chat bot
आपका साथी