UP Zila Panchayat Result 2021: जिपं अध्‍यक्ष की कुर्सी पर डिप्टी सीएम केशव ने लिखी जीत की पटकथा

UP Zila Panchayat Result 2021 यह कहना गलत न होगा कि इस जीत की समूची पटकथा यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ही लिखी। सभी को साथ लेकर लंबे मंथन के बाद प्रत्याशी का चयन किया। इसमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्‍मण आचार्य की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 04 Jul 2021 01:33 PM (IST) Updated:Mon, 05 Jul 2021 07:17 AM (IST)
UP Zila Panchayat Result 2021: जिपं अध्‍यक्ष की कुर्सी पर डिप्टी सीएम केशव ने लिखी जीत की पटकथा
दो दशक से जिला पंचायत अध्‍यक्ष की कुर्सी दो घरानों के इर्द-गिर्द थी। डिप्‍टी सीएम केशव ने नई पटकथा लिखी।

प्रयागराज, [अमलेंदु त्रिपाठी]। जी हां, आप बिलकुल ठीक सोच रहे हैं। प्रयागराज में दो दशक से जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी दो घरानों के बीच ही घूम रही थी। भाजपा ने नया प्रत्याशी मैदान में उतार कर इस रस्साकशी को खत्म करा दिया है। खास बात यह है कि दोनों घराने के लोगों को भी नए उम्मीदवार के समर्थन में ला दिया। इस पटकथा को लिखने में बड़ी भूमिका निभाई उत्‍तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने।

यह कहना गलत न होगा कि इस जीत की समूची पटकथा उप मुख्यमंत्री ने ही लिखी। सभी को साथ लेकर लंबे मंथन के बाद प्रत्याशी का चयन किया। इसमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्‍मण आचार्य की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उधर, प्रत्याशी की घोषणा के बाद से ही उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने सभी करीबियों को डा. वीके सिंह के साथ लगा दिया। एक एक कर सभी जिला पंचायत सदस्यों से भी संपर्क साधा गया और अपने पाले में लाने की जुगत लगाई।

जिपं अध्‍यक्ष का चुनाव केशव मौर्य की प्रतिष्‍ठा से जुड गया था

वास्तव में देखा जाए तो यह चुनाव उप मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा से जुड़ गया था। पार्टी के लोग यह समझ रहे थे कि भाजपा हारी तो विपक्ष इसे केशव प्रसाद मौर्य के साथ ही भाजपा सरकार की हार करार देगा। 20 जून के बाद से ही प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, सांसद केशरी देवी पटेल, विधायक विक्रमादित्य मौर्य, दीपक पटेल, गुरु प्रसाद मौर्य ने दिनरात एक कर जिला पंचायत सदस्यों को साथ लाने की मुहिम छेड़ दी थी।

निवर्तमान जिपंअ रेखा सिंह का भी समर्थन

यहां खास बात यह है कि निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह को भी साथ लिया गया। सूत्रों का कहना है कि डिप्टी सीएम भी उनके संपर्क में रहे। इसका असर यह हुआ कि रेखा सिंह ने डा. वीके सिंह का प्रस्तावक बनने की घोषणा की। अपने प्रभाव क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्यों को भी भाजपा के पाले में ले आईं।

मतदान से पूर्व ही 49 सदस्य भाजपा के पाले में आ गए थे

भाजपा प्रत्याशी डॉ. वीके सिंह पूजा-अर्चना के बाद सीधे सांसद केसरी देवी के निवास पर पहुंचे। वहां 49 जिला पंचायत सदस्यों को अपने पाले में देखकर राहत महसूस की। उन्होंने सभी सदस्यों को अभिवादन किया और हालचाल जाना। फूलपुर सांसद केशरी देवी पटेल सांसद, इलाहाबाद सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य ने भी अपने प्रत्याशी का हौसला बढ़ाया, जीत का आशीर्वाद भी दिया। चुनाव संचालन कर रहे पूर्व विधायक दीपक पटेल, पूर्व विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने भी शुभकामना दी। तुरंत बाद डॉ. सिंह जिला पंचायत के लिए निकल गए थे।

15 सदस्यों को डिप्टी सीएम लाए थे भाजपा में

भाजपा की जीत में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की भूमिका का इसी से अनुमान लगा सकते हैं कि उन्होंने अपनी उपस्थिति में 15 जिला पंचायत सदस्यों को भाजपा की सदस्यता दिलाई थी। जब नतीजे घोषित हुए थे तो भाजपा के पास सिर्फ 14 सदस्य थे। इस सदस्यता अभियान के पूरा होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 29 हो गया था। इसके बाद सभी वरिष्ठ पदाधिकारी दिन रात नवनिर्वाचित सदस्यों को अपने पाले में लाने की कोशिश करते रहे। सूत्रों का कहना है कि मतदान के पूर्व ही पार्टी के पाले में आए जिला पंचायत सदस्यों को शहर के अलग-अलग स्थानों पर ठहराया गया था। विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी व अन्य नेता उनके संपर्क में बने रहे। वोटिंग से ठीक पहले सभी को सांसद केसरी देवी पटेल के निवास पर लाया गया। वहीं सभी ने जलपान और भोजन किया। पार्टी प्रत्याशी डॉ. वीके सिंह से भी मुलाकात की।

chat bot
आपका साथी