अब देश की जनता को भ्रमित नहीं होने देगी कांग्रेस : जितिन

वर्ष 2014 में भाजपा जनता को भ्रमित करने में कामयाब हो गई थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होने देंगे।

By Mukesh ChaturvediEdited By: Publish:Fri, 21 Sep 2018 05:45 PM (IST) Updated:Fri, 21 Sep 2018 05:46 PM (IST)
अब देश की जनता को भ्रमित नहीं होने  देगी कांग्रेस : जितिन
अब देश की जनता को भ्रमित नहीं होने देगी कांग्रेस : जितिन

हाथरस (जेएनएन)।  कांग्रेस नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एससी-एसटी एक्ट पर राजनीति कर दलित व सवर्णों के बीच खाई पैदा की जा रही है। केंद्र व प्रदेश दोनों सरकारें ऐसा कर रही हैं। वर्ष 2014 में भाजपा जनता को भ्रमित करने में कामयाब हो गई थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होने देंगे।

वे हाथरस शहर कांग्रेस कार्यालय पर पत्रकारों से मुखातिब थे। वे यहां दाऊजी मेले में सामाजिक विचार संगोष्ठी में आए थे। यहां पार्टी के अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल हुए। लोकसभा चुनाव की तैयारी के सवाल पर पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस वृहद स्तर पर तैयारी कर रही है। कांग्रेस मुखिया राहुल गांधी का भ्रमण चल रहा है। कांग्रेस के नेता जन-जन से संपर्क कर रहे हैं। हम भाजपा की सच्चाई लोगों के सामने लाने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज तराजू में तोल सकते हैं कि जो भाजपा ने वायदे किए थे, उनमें से कितने पूरे हुए। एक भी योजना धरातल पर सफल नहीं है। भाजपा काम के बल पर जीत हासिल नहीं कर सकती, इसलिए नए-नए मुद्दे लाकर जनता का ध्यान भटकाया जाता है। पूर्व मंत्री ने पेट्रोल-डीजल व गैस के बढ़ते रेट, गन्ना किसानों के भुगतान, आवारा पशु, किसानों के कर्जा माफ, राफेल रक्षा सौदा, बेरोजगारी आदि मुद्दों पर केंद्र सरकार पर कटाक्ष किए और कहा कि इन्हीं मुद्दों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी।

उल्टा काम कर रही है सरकार

एससी-एसटी एक्ट के मुद्दे पर पूर्व मंत्री ने कहा कि केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार है। सरकार की जिम्मेदारी है कि दलित व सवर्ण के बीच खाई पैदा न हो, लेकिन यहां उल्टा ही हो रहा है। इस मुद्दे पर वे कांग्रेस का रुख साफ करने से बचते नजर आए। गठबंधन के सवाल पर भी गोलमोल जवाब दिया।

राष्ट्र के विकास में सांप्रदायिक सौहार्द जरूरी

दाऊजी मेला के रिसीवर शिविर में आयोजित सामाजिक विचार गोष्ठी में  पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि भारत विविधता में एकता वाली संस्कृति का देश है, जिसमें सभी धर्म, जाति के लोग मिल जुलकर रहते हैैं। राष्ट्र के निर्माण व विकास में सांप्रदायिक सौहार्द बेहद जरूरी है। उन्होंने राजनीति से परे हटकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के भाषणों का उल्लेख भी किया।

प्रतिभाओं को किया पुरस्कृत

इससे पहले उन्होंने रामानंद ब्रह्मचारी गोरई व बीके शांता के सानिध्य में दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष करुणेश मोहन दीक्षित, अशोक अग्निहोत्री, प्रदीप शर्मा, शालिनी पाठक, अशोक पांडे, श्यौराज जीवन, इशरत आलम, डॉ. रॉबर्ट वर्गिस, ज्ञानी हरपाल सिंह, विजय सिंह प्रेमी आदि ने भी विचार व्यक्त किए। सुबोध शर्मा के संचालन में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में भारतीय शिशु शिक्षण संस्थान सिकंदराराऊ की मोनी प्रथम, महात्मा गांधी की रुकसार द्वितीय व बागला इंटर कॉलेज की आराधना को तृतीय पुरस्कार मिला। कार्यक्रम में सुभाष चंद्र शर्मा, अविनाश पचौरी, बालकिशन तिवारी, हरस्वरूप, श्यामबाबू चिंतन, जगतवर्ती पाठक, नवेद खां, हसीन खां, शाकिर कुरैशी, अब्दुला कुरैशी, देवी ङ्क्षसह निडर, हाकिम ङ्क्षसह, हरीशंकर वर्मा, जितेंद्र शर्मा, जतिन नरुला, बीना गुप्ता, मोनू ठाकुर, बासुदेव उपाध्याय, सत्यदेव शर्मा, ब्रजेश कौशिक, अजय गौड़, ब्रजेश वशिष्ठ को सम्मानित किया गया। संचालन कवि अनिल बौहरे ने किया। व्यवस्था में दीपक रफी, बबलू, कपिल नरुला, योगेश, ललित कुमार, नवीन, मुकेश वाष्र्णेय, वेदवीर चौधरी आदि का सहयोग रहा। पूर्व मंत्री सतीश शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। 

कांग्रेस शिविर का उद्घाटन

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने मेला परिसर में कांग्रेस के शिविर का उद्घाटन किया। इससे पहले उन्होंने ओढ़पुरा तिराहे पर डॉ. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। पसरट्टा बाजार स्थित शहर कांग्रेस कार्यालय पर कांग्रेसी नेता प्रेमचंद्र शर्मा व पूर्व शहर अध्यक्ष कृष्ण गोपाल नेताजी की प्रतिमाओं का अनावरण किया गया। शहर अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने पूर्व मंत्री का स्वागत किया। कांग्रेस नेता हेमंत सेंगर ने उन्हें गणेश जी की प्रतिमा भेंट की।

chat bot
आपका साथी