पति से नाराज होकर मायके आई महिला की गला काटकर 'हत्या'

सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव बमनहार निवासी रनवीर सिंह की पुत्री नीरज उर्फ नीरू की अपने ससुराल में मौत हो गई।

By Sandeep SaxenaEdited By: Publish:Mon, 06 Apr 2020 01:30 PM (IST) Updated:Mon, 06 Apr 2020 01:30 PM (IST)
पति से नाराज होकर मायके आई महिला की गला काटकर 'हत्या'
पति से नाराज होकर मायके आई महिला की गला काटकर 'हत्या'

हाथरस [जेएनएन] शनिवार की रात अपने मायके में 22 वर्षीय विवाहिता की गला काटकर हत्या कर दी गई। परिजन आत्महत्या बता रहे हैैं, जिस पर पुलिस पड़ताल में जुट गई है। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव बमनहार निवासी रनवीर सिंह की पुत्री नीरज उर्फ नीरू (22) की शादी 25 जून 2017 को अलीगढ़ जिले के थाना लोधा के गांव सलेमपुरमासी निवासी तुलसीदास पुत्र प्रेमपाल सिंह के साथ हुई थी। उसका डेढ़ वर्षीय पुत्र भी है। युवती का एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इन्हीं संबंधों को लेकर ही पति-पत्नी में कहासुनी हुई थी, जिसके बाद महिला शनिवार को सुबह करीब सात बजे बच्चे को ससुराल में ही छोड़कर मायके आ गई। शाम के समय उसका पति डेढ़ वर्षीय बेटे को साथ पहुंचा। यहां पति एवं मायके वालों ने महिला को काफी समझाया, लेकिन वह पति के साथ जाने और उसके साथ रहने के लिए तैयार नहीं थी। जोर डालने पर आत्महत्या की धमकी देने लगी। परिजनों का कहना है कि रात में युवती अलग कमरे में सो रही थी, जबकि उसके पति और अन्य परिजन दूसरे कमरे में सोए थे। रात करीब एक बजे युवती गला कटने पर चीखती हुई कमरे से बाहर आई और वहीं गिर पड़ी। परिजन उसे सीएचसी लेकर गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मृतका के कमरे से घटना में प्रयुक्त चाकू और ब्लेड बरामद किया है। 

 पड़ताल में जुटी पुलिस  

क्षेत्राधिकारी डॉ.राजीव कुमार सिंह का कहना है कि मृतका के पिता ने पुत्री के आत्महत्या की बात बताई है, मगर पुलिस हर पहलू पर पड़ताल कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। सीएचसी सिकंदराराऊ के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विवेक यादव का कहना है कि महिला को यहां मृत अवस्था में लाया गया था। रही बात गला काटकर आत्महत्या करने की तो यह फोरेंसिक जांच से स्पष्ट होगा। महिला किस हाथ से काम करती है और कट किधर से मारा गया है, यह भी जांच से स्पष्ट होगा। 

chat bot
आपका साथी