Agra Crime News: प्रापर्टी डीलर की चाकू से गोदकर हत्या, दो पक्ष में तनाव पर दौड़े अधिकारी
ताजनगरी आगरा में प्रापर्टी डीलर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद बरौली अहीर में दो पक्षों के बीच तनाव व्याप्त है। सर्किल के फोर्स के साथ एसीपी मौके पर पहुंच गए। स्वजन ने गांव के ही दो सगे भाइयों और उनके चार साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जागरण संवाददाता, आगरा। ताजगंज के गुतिला मोड़ पर बुधवार शाम तकादा करने पर प्रापर्टी डीलर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद बरौली अहीर में दो पक्षों के बीच तनाव व्याप्त है। सर्किल के फोर्स के साथ एसीपी मौके पर पहुंच गए। स्वजन ने गांव के ही दो सगे भाइयों और उनके चार साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है।
बरौली अहीर के रहने वाले 25 वर्षीय विश्वदीप यादव अपने चाचा रमाकांत यादव के साथ जमीनों की खरीद फरोख्त का काम करते थे। रमाकांत यादव ने बताया बरौली अहीर ब्लाक के पीछे प्लाटिंग हो रही है। बुधवार शाम साढ़े सात बजे विश्वदीप साइट से घर आ रहे थे। गुतिला मोड़ पर गांव के ही मनोज, दुर्गेश और उनके साथियों ने विश्वदीप के स्कूटर को रोक लिया।
बकाया रकम के लिए टोका तो शुरू हुआ विवाद
विश्वदीप की आरोपितों पर कुछ रकम बकाया थी। विश्वदीप ने रकम वापसी को लेकर टोका तो मनोज और दुर्गेश से विवाद हो गया। हाथापाई होने लगी। इस बीच मनोज और दुर्गेश ने विश्वदीप को जमीन पर गिराने के बाद सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर लहूलुहान कर दिया। हमलावर वहां से भाग गए। जानकारी होने पर पहुंचे स्वजन ने विश्वदीप को शमसाबाद मार्ग स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इससे स्वजन में आक्रोश फैल गया। गांव में तनाव की जानकारी पर एसीपी पीयूष कांत राय और कई थानों की पुलिस पहुंच गई।
रमाकांत यादव ने बताया हमलावरों ने सीने पर कई चाकू मारे थे। दिल में चाकू लगने और अत्यधिक खून बहने से विश्वदीप की मृत्यु होना बताया है। डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।