Welcome Trump: उत्सव के अंदाज में अमेरिकी राष्‍ट्रपति का स्वागत करेगी ताजनगरी Agra News

हाथ में भारत-अमेरिका के राष्ट्रीय ध्वज लेकर मित्रता का संदेश देंगे 26 हजार स्कूली बच्चे। फ्लीट के रूट पर की जाएगी विशेष सजावट चौराहों पर सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे कलाकार।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sun, 16 Feb 2020 09:16 AM (IST) Updated:Sun, 16 Feb 2020 09:16 AM (IST)
Welcome Trump: उत्सव के अंदाज में अमेरिकी राष्‍ट्रपति का स्वागत करेगी ताजनगरी Agra News
Welcome Trump: उत्सव के अंदाज में अमेरिकी राष्‍ट्रपति का स्वागत करेगी ताजनगरी Agra News

आगरा, जागरण संवाददाता। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आगमन पर सड़कें सुनसान नहीं दिखेंगी। ताजनगरी अपने खास विदेशी मेहमान का उत्सव के अंदाज में स्वागत करेगी। रूट पर स्कूली बच्चे होंगे और चौराहों पर कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। पीएमओ से इस तरह के निर्देश मिलने के बाद अधिकारी व्यवस्थाएं बनाने में जुटे हैं। 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का 24 फरवरी को आगरा भ्रमण का प्रस्तावित कार्यक्रम है। इस दो घंटे के ताज भ्रमण कार्यक्रम को यादगार बनाया जाएगा। मार्च 2000 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के दौरे के समय सुरक्षा कारणों से फ्लीट के रूट के आसपास भी किसी को नहीं आने दिया गया था। तब उन्होंने ताजनगरी को भूतहा शहर की संज्ञा दी थी। अब उत्सव के अंदाज में अमेरिकी राष्ट्रपति का स्वागत करके ताजनगरी बीस वर्ष पहले मिली इस उपाधि को हमेशा को खत्म कर देगी। व्यवस्था में लगे अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति के आगमन पर एयरपोर्ट से लेकर ताजमहल तक रोड के दोनों ओर विशेष सजावट की जाएगी। एक रंग में सभी इमारतें रंगी जाएंगी। दीवारों पर भारतीय संस्कृति की झलक दिखाती पेंटिंग रहेंगी। इसके साथ ही रूट पर स्कूली बच्चे हाथों में भारत और अमेरिका का राष्ट्रीय ध्वज लेकर खड़े होंगे। इनकी संख्या 26 हजार रहेगी। इसके साथ ही प्रशासन तीन हजार कलाकारों को बुला रहा है। ये कलाकार देश की संस्कृति को सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर प्रदर्शित करेंगे। एनएसएस, एनसीसी के साथ-साथ एनजीओ के वालेंटियर्स को भी स्वागत की व्यवस्थाओं में लगाया जाएगा।

फुटपाथ पर बनी सराय ख्वाजा चौकी हटेगी

शाहगंज की सराय ख्वाजा पुलिस चौकी फुटपाथ पर बनी है। यह वीवीआइपी रूट के एक साइड में पड़ती है। पुलिस इसे भी यहां से फिलहाल हटा रही है। अभी यह कहां शिफ्ट होगी यह तय नहीं है।

काफिले में 70 से अधिक वाहन रहेंगे शामिल

अमेरिकी राष्ट्रपति के काफिले में 70 से अधिक वाहन होंगे। इनमें दर्जन भर से अधिक वाहन अमेरिकी हो सकते हैं। सबसे आगे और अगल-बगल में बाइक सवार कमांडो चलेंगे। अत्याधुनिक हथियारों से लैस होंगे। यह पलक झपकते ही किसी भी खतरे को भांप लेते हैं।

ताज में होगे सिर्फ ट्रंप और उनका परिवार

अमेरिकी राष्ट्रपति परिवार के साथ जिस वक्त ताजमहल का दीदार करेंगे, उस दौरान ताज में सुरक्षा कर्मियों के अलावा अन्य कोई नहीं होगा।

chat bot
आपका साथी