रंग पर्व पर दिन-रात दौड़ेंगी रोडवेज बसें, नहीं होगी यात्रियों को परेशानी

परिवहन निगम ने की व्यवस्था बढ़ाए गए बसों के 398 अतिरिक्त फेरे। दिल्ली रूट पर रहेंगी सर्वाधिक बसें।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Wed, 20 Mar 2019 07:40 PM (IST) Updated:Wed, 20 Mar 2019 07:40 PM (IST)
रंग पर्व पर दिन-रात दौड़ेंगी रोडवेज बसें, नहीं होगी यात्रियों को परेशानी
रंग पर्व पर दिन-रात दौड़ेंगी रोडवेज बसें, नहीं होगी यात्रियों को परेशानी

आगरा, जेएनएन। रंग पर्व पर अपनों के संग होली मनाने वालों को अबकी बार सफर में बसों का इंतजार या सीट की किल्लत से नहीं जूझना होगा। परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा के लिए न सिर्फ बेहतर इंतजाम कराए हैं बल्कि वाहनों के फेरे बढ़ा चालक-परिचालकों के अवकाश भी रद्द कर दिए गए हैं।

यूपीएसआरटीसी (उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम) ने होली पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बेहतर व्यवस्था का दावा किया है। आगरा के आरएम मनोज त्रिवेदी ने बताया कि होली पर इस बार किसी भी यात्री को कोई परेशानी नहीं होगी। त्योहार पर आगरा मंडल में संचालित बसों के 398 के अतिरिक्त फेरे लगाए गए हैं। सर्वाधिक बसें दिल्ली रूट पर लगाई गई हैं क्योंकि दिल्ली-नोएडा रूट पर वहां कार्यरत लोग त्योहार पर अपने घर आएंगे। सभी बस स्टैंडों पर बसें उपलब्ध रहेंगी।

मैनपुरी डिपो के सहायक स्टेशन प्रबंधक अनवर बेग ने बताया कि बस स्टेशन पर चौबीस घंटे कर्मचारियों की तैनाती कराई गई है। चालकों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी रूट से आने वाली बस को स्टेशन से होकर ही गुजारना होगा ताकि सवारियों को परेशानी न हो।

मैनपुरी डिपो के बेड़े में कुल 72 बसें मौजूद हैं। इनमें से 44 बसों को अकेले दिल्ली रूट पर तैनात किया गया है। इसके अलावा 10 बसें आगरा रूट पर संचालित की जाएंगीं। शेष बची बसों को लोकल रूटों के साथ बेवर, फर्रूखाबाद और कन्नौज, कानपुर रूटों पर चलाया जाएगा। लोकल रूटों पर चलने वाली बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं।

मैनपुरी डिपो के एआरएम हरिदास के मुताबिक यात्रियों की सुविधा के लिए बसों की व्यवस्था कराई गई है। सभी चालक-परिचालकों को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए डिपो के दूसरे अधिकारियों को लगातार मॉनीटङ्क्षरग के लिए कहा गया है।

इंसेंटिव स्कीम से देंगे दोगुना लाभ

त्योहार पर बेहतर सेवा देने वाले चालक-परिचालकों के लिए इंसेंटिव स्कीम का लाभ भी दिया जाएगा। प्रति फेरा अतिरिक्त करने पर 300 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से इंसेंटिव का लाभ चालक परिचालकों को मिलेगा। 

chat bot
आपका साथी