शान से लहराया तिरंगा, आजाद वतन के आजाद नागरिकों ने दी सलामी Agra News

स्‍वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकारी और प्राइवेट कार्यालयों से लेकर स्‍कूलों में दिखा देशभक्ति का भाव। शहर के चौराहों को भी सजाया गया। ध्‍वजारोहण और राष्‍ट्रगान हुआ।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 15 Aug 2019 10:54 AM (IST) Updated:Thu, 15 Aug 2019 08:12 PM (IST)
शान से लहराया तिरंगा, आजाद वतन के आजाद नागरिकों ने दी सलामी Agra News
शान से लहराया तिरंगा, आजाद वतन के आजाद नागरिकों ने दी सलामी Agra News

आगरा, जागरण संवाददाता। आजादी की वर्षगांठ की खुशी ताजनगरी में अलग ही दिखाई दी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकारी से लेकर प्राइवेट कार्यालयों और स्‍कूलों में ध्‍वजारोहण हुआ। शहर के चौराहों को सजाया गया है। जगह-जगह तिरंगा यात्रा आयोजित की जा रही हैं। सरकारी इमारतों को सजाया गया है। सड़कों पर लगे बिजली के पोल भी तीन रंग की झालरों से स्‍वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्‍या पर ही जगमग कर दिए गए थे।

स्‍वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को सुबह कलक्‍ट्रेट और पुलिस लाइन में हुए आयोजन। जिलाधिकारी एनजी रवि कुमार, एसएसपी बबलू कुमार ने ध्‍वजारोहण किया। इस दौरान सांसद व विधायक भी मौजूद रहे। स्‍वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्‍मान किया गया। वहीं शहर के सभी स्‍कूलों में स्‍वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्‍वजारोहण के साथ सांस्‍कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए।

मंडलायुक्त कार्यालय को रंग बिरंगी रोशनियों से सजाया गया है। इसके अलावा कलक्ट्रेट, नगर निगम, एडीए के साथ ही अन्य सरकारी इमारतों पर भी सजावट की गई है। शहर में लगे बिजली के खंभे भी तीन रंग की एलईडी लाइट और झालरों से सजाए गए। मंडलायुक्त अनिल कुमार ने अधिकारियों से कहा कि वह स्वतंत्रता दिवस के मौके पर संकल्प लें कि कार्यालय को सुंदर और आकर्षक बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि पौधारोपण भी कराएं। इससे सुबह 10 बजे शहीद स्मारक संजय प्लेस पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सुबह 11 बजे एकलव्य स्टेडियम से सदर के रास्ते स्टेडियम तक रन फॉर फ्रीडम का आयोजन किया गया। इसमें शहर के 25 स्कूलों के बच्चे सफेद ड्रेस और कैप लगाकर भाग लिया। सुबह 11 बजे नगर निगम की मुख्य दीवार के बाहर विकास कार्यो की प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया।

डीएम ने किया सम्‍मानित

बीते आठ जून को यमुना एक्सप्रेस वे हुए रोडवेज बस हादसे में 30 यात्रियों की मौत हो गई थी। इनमें 22 को सकुशल बचा लिया गया। पास के गांव में रहने वाले निहाल सिंह ने झरना नाले में कूदकर उसमें फंसे यात्रियों को बाहर निकाला, उनकी जिंदगी बचाई। इस काम में छलेसर चौकी प्रभारी अनिरुद्ध सिंह ने भी बेहद सराहनीय कार्य किया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर डीएम कलक्ट्रेट में गुरुवार को इन्हें सम्मानित किया।

क्रॉसकंट्री रेस में दिखा उत्‍साह

स्वतंत्रता दिवस पर गुरुवार सुबह 6.30 कॉसकंट्री रेस का आयोजन किया गया। रेस एकलव्य स्टेडियम के मुख्य द्वार से शुरू होकर नंद सिनेमा चौराहा, आयुक्त आवास होते हुए क्लार्क शिराज से मुड़कर लाल बहादुर शास्त्री चौराहा, माल रोड, प्रतापपुरा चौराहा होते हुए स्टेडियम पर समाप्त हुई। इसमें युवाओं में उत्‍साह दिखा।

प्रभात फेरी भी निकली

सुबह 6.30 बजे विद्यालयों, मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, तहसील-विकास खंड मुख्यालयों, समाज सेवी संस्थाओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। इन स्थलों पर पौधारोपण भी किया गया।

फतेहाबाद रोड से उखर्रा तक निकाली गई तिरंगा यात्रा

सुबह नौ बजे तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा होटल अमर फतेहाबाद से राजपुर चुंगी होते हुए उखर्रा में शहीद मोहन सिंह के शहीद स्मारक तक पहुंची। यहां शहीदों के परिजनों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में भोला पंडित, सनी उपाध्याय, अजय भारद्वाज, राघवेंद्र सिंह, जगदीश पचौरी, ममता भदौरिया, विपिन शर्मा, शैलेंद्र उपाध्याय, विक्रांत पाराशर, अर्जुन सिंह लोधी, सुनील दुबे मौजूद रहे।

भारत माता का दुग्धाभिषेक कर निकाली तिरंगा यात्रा

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या और अखंड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल ने दीवानी चौराहे स्थित भारत माता की प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया। सभी ने कश्मीर में भव्य तिरंगा लहराने की आजादी के लिए पीएम नरेंद्र मोदी का आभार जताया। इसके बाद एमजी रोड पर तिरंगा यात्रा निकाली।

राष्ट्रीय बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक मनोज कुमार ने सभी को अखंड भारत का संकल्प दिलाया। इस दौरान प्रांत उपाध्यक्ष धर्मेंद्र अवस्थी, धर्मेंद्र राजपूत, अवधेश पंडित, जेबी चौधरी, रामू कप्तान, सौरभ गुप्ता, कान्हा राठौर, सनी, रविंद्र, धर्मेंद्र, पार्थ, दीपक, विमल, योगेंद्र जादौन, रमन सिंह, हिमांशु, रोहित, विपुल, विपिन आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी