Ghaziabad Crime: दोस्तों के विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे युवक को मारी गोली, हालत गंभीर; दिल्ली के अस्पताल में भर्ती
गाजियाबाद बॉर्डर थाना क्षेत्र के रोडवेज डिपो के पास रविवार देर रात एक शख्स को गोली मार दी गई। दरअसल एक कैंटीन में साथी के विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे गौरव शर्मा को युवकों ने गोली मार दी। उन्हें कई गोलियां लगी है। दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
संवाद सहसोगी, गाजियाबाद। बॉर्डर थाना क्षेत्र के रोडवेज डिपो के पास रविवार मध्य रात्रि दो बजे एक कैंटीन में साथी के विवाद में बीच बचाव करने गए अमर कॉलोनी दिल्ली के गौरव शर्मा को युवकों ने गोली मार दी। उन्हें कई गोलियां लगी है। दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
अमर कॉलोनी गोकुलपुरी दिल्ली की सुनीता ने बताया कि उनका बेटा गौरव जागरण पार्टी में हनुमान का रोल करता है। झांकी निकालता है। उसके साथ आदित्य शेरवाल भी काम करता है। मध्यरात्रि करीब दो बजे लोनी बस डिपो के सामने कैंटीन पर खाना खा रहा था। तभी वहां पर आदित्य के साथ युवकों ने मारपीट की।
गौरव लहुलूहान होकर गिर पड़ा
उन्होंने बताया कि मेरा बेटा गौरव भी बीच बचाव करवाने पहुंचा। युवकों ने गौरव के ऊपर पिस्टल से फायरिंग कर दी। कई गोलियां उनके लगीं। वह लहुलूहान होकर गिर गए। दोस्त सुमित अपने दोस्तों की मदद से मेरे गौरव को जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
उन्होंने 30 फुटा रोड पंचवती कॉलोनी के निखिल और दो अज्ञात के खिलाफ शिकायत की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर हत्या का प्रयास और मारपीट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार भास्कर वर्मा का कहना है कि आरोपितों की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हैं। उन्हें जल्द पकड़ा जाएगा।