Cinema Hall in Agra: बदला-बदला सा नजर आएगा सिनेमाघरों का माहौल, इन नियमों के साथ खुलेंगे कल से

Cinema Hall in Agra 40 फीसद दर्शकों को ही मिलेगा प्रवेश कल खुलेंगे सिनेमाघर। कोविड गाइडलाइन के अनुसार सिनेमाघर में हुई तैयारी। गेट पर टिकट चेकिंग के साथ थर्मल स्क्रीनिंग होगी। जगह-जगह पर सैनिटाइजर रखे होंगे। शारीरिक दूरी का पालन करना होगा। सिनेमाघर में भी एक सीट छोड़कर दर्शक बैठेंगे।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Wed, 14 Oct 2020 08:22 AM (IST) Updated:Wed, 14 Oct 2020 08:22 AM (IST)
Cinema Hall in Agra: बदला-बदला सा नजर आएगा सिनेमाघरों का माहौल, इन नियमों के साथ खुलेंगे कल से
अतिरिक्त सुरक्षा बरतते हुए 40 फीसद दर्शकों को प्रवेश की अनुमति मिली है।

आगरा, जागरण संवाददाता। सात माह बाद सिनेमाघरों में गुरुवार से फिर से मनोरंजन शुरू होगा। मगर, इस बार सिनेमाघर का माहौल पहले से अलग होगा। गेट पर टिकट चेकिंग के साथ थर्मल स्क्रीनिंग होगी। जगह-जगह पर सैनिटाइजर रखे होंगे। शारीरिक दूरी का पालन करना होगा। सिनेमाघर में भी एक सीट छोड़कर दर्शक बैठेंगे।

सिनेमाघर 15 अक्टूबर से खुल रहे हैं। केंद्र सरकार के बाद राज्य सरकार ने भी सिनेमाघर के लिए गाइडलाइन जारी कर दी है। सिनेमाघर संचालकों ने गाइडलाइन का पालन करते हुए सिनेमाघरों को खोलने की तैयारी कर ली है। सभी हाल और मल्टीप्लेक्स में सैनिटाइजेशन का काम पूरा हो गया है। शारीरिक दूरी का पालन कराने के लिए टिकट खिड़की, कैंटीन में गोले घेरे बनाए गए हैं। जगह-जगह सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई है। जिन सीटों पर दर्शकों को नहीं बैठना है, उन पर क्रास के निशान लगाए गए हैं। श्री सिनेमा के निमित अग्रवाल ने बताया कि सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। इसको लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है।

इन निर्देशों का करना होगा पालन

इस शारीरिक दूरी का पालन कराने के लिए एक सीट छोड़कर दर्शकों को बैठाना होगा। एक के पीछे एक दर्शक नहीं बैठेगा। फिल्म देखते समय दर्शकाें को मास्क पहनना होगा। दर्शकों को माेबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना होगा। छह साल के कम उम्र के बच्चे और 60 साल से अधिक के व्यक्ति को प्रवेश नहीं मिलेगा। सिनेमाहाल के अंदर बीडी, सिगरेट और गुटखा खाना पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इंटरवल में कैंटीन में भीड़ न लगे, इसका सिनेमाघर संचालकों को ध्यान रखना होगा। जगह-जगह पर सैनिटाइजर रखना होगा, जिससे दर्शक हाथ सैनिटाइज कर सकें। फिल्म खत्म होने पर एक साथ दर्शक बाहर न निकलें इसकी व्यवस्था करनी हाेगी। आनलाइन टिकट व आनलाइन भुगतान की व्यवस्था करनी होगी। कानटेक्ट ट्रेसिंग के लिए दर्शकों के मोबाइलल नंबर नोट करने हाेंगे।

40 फीसद दर्शकों को मिलेगी एंट्री

आगरा सिनेमाघर एग्जीबिटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुबोध गर्ग ने बताया कि डीएम के साथ बैठक में संक्रमण की रोकथाम के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बरतते हुए 40 फीसद दर्शकों को प्रवेश की अनुमति मिली है। सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में हर क्लास में जितनी सीट होंगी, उसके अनुसार 40 फीसद दर्शक ही आएंगे।

पुरानी फिल्मों से होगी शुरुआत

15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में कौन सी फिल्म लगेंगी, ये अभी तय नहीं हो पाया है। माना जा रहा है कि अभी पुरानी फिल्मों के साथ ही सिनेमाघर खुलेंगे। पहले आनलाइन प्लेटफार्म पर रिलीज हो चुकी फिल्मों को दिखाने की बात चल रही थी, लेकिन अभी इन फिल्मों के साथ शुरुआत की संभावना कम लग रही है। 

chat bot
आपका साथी