ईसाई समाज के लोगों ने मृत परिजनों को नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

ईसाई समाज ने याद में मनाया ऑल सोल्ज डे, महाधर्माध्यक्ष बोले मृत्यु अनंत जीवन का प्रवेश द्वार

By JagranEdited By: Publish:Sat, 03 Nov 2018 10:30 AM (IST) Updated:Sat, 03 Nov 2018 10:30 AM (IST)
ईसाई समाज के लोगों ने मृत परिजनों को नम आंखों से दी श्रद्धांजलि
ईसाई समाज के लोगों ने मृत परिजनों को नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

आगरा (जागरण संवाददाता): शुक्रवार को ईसाई समाज ने मृत परिजनों की स्मृति में ऑल सोल्ज डे मनाया। नम आंखों से परिजनों को याद कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

छावनी स्थित गोरों का कब्रिस्तान में आगरा के महाधर्माध्यक्ष डॉ. आल्बर्ट डिसूजा ने पुरोहितों के साथ मिलकर मृतकों की आत्मा की शांति को मिस्सा बलिदान चढ़ाया। उन्होंने कहा कि जीवन-मृत्यु जीवन के महत्वपूर्ण क्षण हैं। मृत्यु कभी भी, किसी भी रूप में हमारे सामने आ सकती है। हमें हर वक्त उसका सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। मृत्यु अनंत जीवन का प्रवेश द्वार मात्र है। वहीं, भगवान टॉकीज के निकट स्थित रोमन कैथोलिक सेमेट्री में पल्ली पुरोहित फादर इग्नेशियस मिरांडा व अन्य पुरोहितों ने मिस्सा बलिदान चढ़ाया। इसके बाद पुरोहितों ने समाधियों पर पवित्र जल छिड़का। सेंट पैट्रिक्स चर्च के मीडिया प्रभारी लॉरेंस मसीह ने बताया कि ईसाइयों का विश्वास है कि सृष्टि के अंतिम दिन सभी मृतक ईश्वर के सामने लाए जाएंगे। जहां उनका इंसाफ किया जाएगा। क्रिश्चियन समाज सेवा सोसायटी के अध्यक्ष डेनिस सिल्वेरा ने आभार जताया।

आत्म शांति से है धर्म का संबंध

आगरा: पा‌र्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, कटरा जोगीदास ताजगंज में शुक्रवार को आचार्य ज्ञान सागर महाराज ने प्रवचन दिए। उन्होंने कहा कि धर्म की परिभाषा शांति से संबंध रखती है। धर्म का संबंध आत्म शांति से है। केवल ज्ञान की प्राप्ति के लिए धर्म एक रोशनी का काम करता है। उन्होंने कहा कि पापों से छुटकारा पाने के लिए धर्म एकमात्र माध्यम है। धर्म जीवन की शुद्धि कर आत्मा को शुद्ध बनाता है। अपने जीवन में धर्म को स्थान दें। धर्म मनुष्य के जीवन की प्रयोगशाला है। हम अपने जीवन में क्रोध और लोभ को दूर करें। अपने चैतन्य के महल को निहारें। संजय जैन, राजकुमार जैन, दिलीप जैन, शुभम, सुमित, विजय, पारस, जिनेंद्र, चिंकू, मधुर, आशू, काव्या, योगेश, शांतिस्वरूप, मुन्नालाल आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी