जागरण संवाददाता, लखनऊ। निलमथा के भगवंतनगर में मां के हमलावरों ने बेटे की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी। आरोपितों के पैर पकड़कर बेटे पर रहम करने की मिन्नतें करती रही, लेकिन आरोपितों का दिल नहीं पसीजा। आसपास खड़े लोग मूक दर्शक बने रहे। हत्या कर हमलावर फरार हो गए।
निलमथा के मोहल्ला भगवंत नगर निवासी सचिन प्रकाश ने बताया कि बुधवार रात मुहल्ला निवासी मोनू बोस की बर्थ-डे पार्टी में छोटे भाई 30 वर्षीय नितिन के साथ शामिल होने गया था।
पार्टी में दुर्गापुरी निवासी रितिक भी अपने साथियों के साथ मौजूद था। सचिन के मुताबिक उसके परिवार की रितिक से रंजिश चल रही है। रितिक बिना वजह नितिन से गाली गलौज करने लगा। विरोध पर आरोपितों ने घेरकर पीटना शुरू कर दिया। सचिन बचाने पहुंचा तो कुछ आरोपितों ने उसे पकड़ लिया। इस बीच नितिन जान बचाने चीखते हुए घर की तरफ भागा, लेकिन कुछ दूर पर ही रितिक व साथियों ने गिराकर ईंट से कूचना शुरू कर दिया।
इस बीच चीख सुनकर मां ऊषा के अलावा आसपास भीड़ जुट गई। हमलावर लगातार नितिन पर ईंट से वार कर रहे थे। बेटे को छोड़ने के लिए आरोपितों के सामने मां गिड़गिड़ाती रही पर वे नहीं माने। अन्य किसी ने भी उसे बचाने का प्रयास नहीं किया। नितिन की हत्या कर आरोपित भाग निकले। एसीपी कैंट पंकज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है। परिवार में तीन भाई है। नितिन दूसरे नंबर पर था।
मुंह बोले भाई के साथ चली गई थी नितिन की पत्नी
मां ऊषा ने बताया कि मुहल्ला निवासी युवती से नितिन की तीन वर्ष पहले शादी हुई थी। शादी के बाद उसकी पत्नी का मुंह बोला भाई अक्सर उससे मिलने आता था। इस पर नितिन ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद पत्नी उससे बिना वजह विवाद करने लगी थी। तीन माह पहले उसकी पत्नी को मुंह बोला भाई ले गया था।
हत्या में पत्नी व मुंह बोले भाई के शामिल होने का आरोप
ऊषा का कहना है कि नितिन की हत्या में रितिक के अलावा मुंहबोला भाई और बहू भी शामिल है। तीन दिन पहले बहू व उसके भाई ने नितिन को जान से मारने की धमकी दी थी। इसकी मौखिक में शिकायत थाने में की थी।
पार्टी में पत्नी के जाने का कमेंट कर उकसाया
पार्टी में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावरों ने नितिन की पत्नी को लेकर कमेंट किया था। इसी के चलते दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपित घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।