अधिकारी कुछ समझ पाते तब तक स्मृति आई और चली गई, बेटी संग दूर से ही निहारा ताज

केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने बेटी जोइश के साथ किया ताज महल का दूर से दीदार। आधा घंटे में ही वापस लौट गई केंद्रीय मंत्री।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 28 Jul 2018 02:06 PM (IST) Updated:Sat, 28 Jul 2018 02:06 PM (IST)
अधिकारी कुछ समझ पाते तब तक स्मृति आई और चली गई, बेटी संग दूर से ही निहारा ताज
अधिकारी कुछ समझ पाते तब तक स्मृति आई और चली गई, बेटी संग दूर से ही निहारा ताज

आगरा(जागरण संवाददाता): केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी शनिवार सुबह अचानक अपनी बेटी के साथ ताजनगरी आई, दूर से ताज महल का दीदार किया और करीब आधा घंटे रुकने के बाद वापस चली गई। अधिकारी कुछ समझ पाते उससे पहले ही केंद्रीय मंत्री यहां से रवाना हो गई।

इस दौरान उन्होंने किसी से कुछ नहीं कहा। बस ताजमहल का दीदार करने की इच्छा जताई। पुलिस अधिकारी उन्हें ताज महल लेकर गए लेकिन गाड़ी से उतरते ही गर्मी और उमस ने उन्हें और उनकी बेटी को परेशान कर दिया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों से ताज का दीदार दूर से करने की इच्छा जताई। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारी उन्हें मेहताब बाग ले गए। यहां गाड़ी से उतरकर करीब दो सौ कदम ही चल पाई थीं कि उमस के कारण उन्होंने कदम वापस मोड़ लिये। वापस गाड़ी में सवार होकर वो शहर से रवाना हो गई।

अधिकारियों को भी उनके आने की कोई पूर्व सूचना नहीं थी। उनका इस तरह गुपचुप तरीके से आना कई सवाल खड़े कर गया।

दरअसल सुबह करीब सात बजे ईरानी अपनी 15 वर्षीय बेटी जोइश के साथ दिल्ली से कार द्वारा चलीं थीं। करीब 11 बजे फतेहाबाद रोड स्थित होटल ट्राइडेंट में दोनों मां- बेटी ने नाश्ता किया। इसके बाद वे शिल्पग्राम पहुंचीं। गर्मी और उमस अधिक होने के कारण पुलिस अधिकारियों से बाहर से ही ताज देखने का विकल्प पूछा। इसके बाद अधिकारी करीब साढ़े 11 बजे उन्हें मेहताब बाग लेकर पहुंचे। यहां दो सौ कदम चलने के बाद दूर से ही ताज महल को बेटी को दिखाया और वापस लौट गई।

संभवत: बेटी को विश्वदाय स्मारक का दीदार कराना उनके आने की वजह था। दो दिन से खुशनुमा मौसम के बाद जब शनिवार को धूप निकली तो मौसम में उमस अधिक हो गई। आगरा की गर्मी और उमस को ईरानी सहन नहीं कर सकीं और कुछ देर में ही यहां से रवाना हो गई।

chat bot
आपका साथी