बाह में समाजवादी पार्टी की स्वागत यात्रा में टूटे नियम, तीन मुकदमे दर्ज, नौ गाड़ियां सीज

Uttar Pradesh Election 2022 आगरा में समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा प्रत्याशी मधुसूदन शर्मा और समर्थकों के खिलाफ चित्राहाट जैतपुर और बाह में लिखे मुकदमे। फतेहाबाद से बसपा प्रत्याशी शैलेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ महामारी अधिनियम और लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Tue, 25 Jan 2022 09:12 AM (IST) Updated:Tue, 25 Jan 2022 09:12 AM (IST)
बाह में समाजवादी पार्टी की स्वागत यात्रा में टूटे नियम, तीन मुकदमे दर्ज, नौ गाड़ियां सीज
Uttar Pradesh Election 2022: आगरा में समाजवादी पार्टी और बसपा के नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।

आगरा, जागरण संवाददाता। भाजपा से इस्तीफा देकर सपा जिलाध्यक्ष बने जितेंद्र वर्मा के लखनऊ से आगमन पर सोमवार बाह क्षेत्र में उनका स्वागत हुआ। स्वागत यात्रा में चुनाव आयोग की गाइड लाइन का उल्लंघन मानते हुए पुलिस ने कार्रवाई की। चित्राहाट, जैतपुर और बाह थाने में तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें सपा जिलाध्यक्ष के साथ सपा प्रत्याशी मधुसूदन शर्मा और उनके समर्थक भी शामिल हैं। पुलिस ने काफिले में शामिल नौ गाड़ियों को भी सीज कर दिया।

सपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा फतेहाबाद से विधायक हैं। उन्होंने रविवार को भाजपा से इस्तीफा देकर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली थी। इसके बाद उन्हें आगरा का जिलाध्यक्ष बना दिया गया। सोमवार को वे लखनऊ से बाह आए। इस दौरान उनके काफिले का चित्राहाट में कचाैरा घाट, जैतपुर में फतेहपुरा व अन्य कई स्थानों पर स्वागत किया गया। इस दौरान उनके समर्थकों की भारी भीड़ भी साथ रही। यहां से वे दोपहर तीन बजे काफिला बाह पहुंच गया। बाह थाने के सामने ही पुलिस ने काफिला रोक लिया। यहां सपा पदाधिकारियों की पुलिस से नोंकझोंक भी हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके से सात गाड़ियों को सीज कर दिया। सीओ बाह आरपी सिंह ने बताया कि बाह थाने में सपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा और बाह विधान सभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी मधुसूदन शर्मा व उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यहां काफिले में शामिल सात गाड़ियां सीज की गई हैं। जैतपुर और चित्राहाट थाने में भी दोनों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं। जैतपुर थाने में भी सपा के काफिले में शामिल दो गाड़ियां सीज की गईं। तीनों मुकदमे चुनाव आयोग की गाइड लाइन का उल्लंघन करने पर लिखे गए हैं। इनमें लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा और महामारी अधिनियम की धाराएं हैं।

वीडियो वायरल होने पर फतेहाबाद से बसपा प्रत्याशी पर मुकदमा

फतेहाबाद विधान सभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी शैलेंद्र प्रताप सिंह उर्फ शैलू के खिलाफ पुलिस ने इरादत नगर में महामारी अधिनियम और लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। एसओ इरादत नगर अवधेश गौतम ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें जनसंपर्क के दौरान बसपा प्रत्याशी और उनके समर्थक बिना मास्क और शारीरिक दूरी के दिखाई दे रहे थे। वीडियो की जांच में पाया गया कि यह वीडियो छत्तापुरा गांव का था। इस आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

chat bot
आपका साथी