मायानगरी की पहली पसंद ब्रज की नगरी, जानिये रूपहले पर्दे पर नंबर वन बनने की दास्तां

ब्रज में आधा दर्जन बड़े बजट की फिल्मों की हो रही शूटिंग। यूलिया वंतूर मीरा बन करेंगी बॉलीवुड में डेब्यू।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sat, 12 Jan 2019 12:14 PM (IST) Updated:Sat, 12 Jan 2019 12:14 PM (IST)
मायानगरी की पहली पसंद ब्रज की नगरी, जानिये रूपहले पर्दे पर नंबर वन बनने की दास्तां
मायानगरी की पहली पसंद ब्रज की नगरी, जानिये रूपहले पर्दे पर नंबर वन बनने की दास्तां

आगरा, कुलदीप सिंह। कान्हा की लीलाओं के लिए प्रसिद्ध ब्रज की धरा अब बॉलीवुड को भी खूब भा रही है। यहां पर आधा दर्जन से अधिक फिल्मों की शूटिंग तो हो ही रही है, ब्रज के स्थानीय कलाकारों को भी फिल्म में प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है।

आगरा और मथुरा बॉलीवुड फिल्मों की लोकेशन के लिए पसंदीदा जगह बनता जा रहा है। विवेक ओबेरॉय, जिमी शेरगिल, आयुष्मान खुराना, कृति सेनन, यूलिया वंतूर जैसे कलाकार शूटिंग के लिए ब्रज पहुंच रहे हैं। ब्रज की अद्भुत छटा हाल में अक्षय कुमार की 'टॉयलेट-एक प्रेम कथा' में देखने को मिली। इसके बाद ब्रज में बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग की होड़ सी लग गई। अक्षय कुमार और अजय देवगन जल्द ही यहां अपनी अपकमिंग फिल्मों की शूटिंग के लिए आने वाले हैं।

इन फिल्मों की हो रही है शूटिंग

जिमी शेरगिल और विवेक ऑबेरॉय अभिनीत फिल्म प्यार, पैसा और फरार की शूटिंग हाल में आगरा सहित मथुरा और वृंदावन में की गई है। आयुष्मान खुराना अभिनीत फिल्म ड्रीम गर्ल के दृश्यों को हाल में सदर और एत्माद्दौला में फिल्माया गया है। फिल्म की अधिकांश शूटिंग आगरा और गोवर्धन में पूरी की गई है।

'लुका छिपी' में दिखेंगे वृंदावन और गोवर्धन के प्राचीन मंदिर

प्यार का पंचनामा फेम कार्तिक आर्यन और कृति सेनन अभिनीत फिल्म 'लुका छिपी' की अधिकांश शूटिंग गोवर्धन और वृंदावन के प्राचीन मंदिरों में की गई है। फिल्म ब्रज की पृष्ठभूमि पर बनी है। इसके कुछ दृश्यों को आगरा में भी फिल्माया जाएगा।

मीरा बनेंगी यूलिया वंतूर

बॉलीवुड सुपरस्टार यूलिया वंतूर 'राधा क्यूं गोरी मैं क्यूं कालाÓ फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं। फिल्म में यूलिया कृष्ण भक्त मीरा की भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म की शूटिंग मथुरा, गोवर्धन, वृंदावन, दिल्ली और पौलेंड में की जाएगी। मथुरा और गोवर्धन में शूटिंग पूरी हो चुकी है। फिल्म इसी वर्ष मई में रिलीज होगी।

'सेटेलाइट शंकर' में दिखेंगे आदित्य पंचोली

ताज के साये में बॉलीवुड फिल्म 'सेटेलाइट शंकर' के गीत को फिल्माया गया। फिल्म के निर्माता भूषण कुमार हैं जबकि निर्देशन इरफान कमल कर रहे हैं। फिल्म में अभिनेता आदित्य पंचोली के बेटे सूरज पंचोली मुख्य भूमिका में हैं।

छोटे कलाकारों को मिल रहा मौका

ब्रज में फिल्माई जाने वाली बॉलीवुड फिल्मों में स्थानीय कलाकार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। छोटे रोल के लिए इन फिल्मों में स्थानीय कलाकारों को मौका दिया जा रहा है। 

भोजपुरी से ज्यादा संभावनाएं ब्रज में मौजूद

संस्कृतिकर्मी विनय पतसारिया बताते हैं कि ब्रज से छोटा होने के बाद भी भोजपुरी सिनेमा दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। जबकि ब्रज में कहानी और लोक कथाओं की भरमार है। बेहतरीन लोकेशन भी यहां मौजूद हैं। सही दिशा और ब्रज सिनेमा को आगे बढ़ाकर यह दुनिया में अपनी पहचान बना सकता है।

बॉलीवुड को भाती हैं ये लोकेशन

आगरा में ताजमहल, फतेहपुरसीकरी, मेहताब बाग, एत्माद्दौला, स्टे्रची ब्रिज, चंबल आदि का इलाका सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। मथुरा, वृंदावन और गोवर्धन के मंदिर, नंदगांव, बरसाना और मधुबन भी फिल्मकारों की पसंदीदा जगह बन गया है।

1963 में ताजमहल से मिली थी पहचान

1963 में 'ताजमहल' फिल्म में अभिनेता प्रदीप और बीना रॉय ने शाहजहां-मुमताज की यादगार भूमिकाएं निभाईं। इसके बाद ताज का जादू ऐसा चला कि रोमांटिक सीन के लिए ताज ही माकूल रहा। इसके बाद से बॉलीवुड सहित हॉलीवुड और स्थानीय सिनेमा की 500 से अधिक फिल्मों की शूटिंग ब्रज में की जा चुकी है।

इन फिल्मों की हो चुकी है शूटिंग

हॉलीवुड फिल्म विक्टोरिया एंड अब्दुल, ब्रज भूमि, लल्लूराम, स्लमडॉग मिलेनियर, बॉलीवुड फिल्म यंगिस्तान, एक दीवाना था, मेरे ब्रदर की दुल्हन, भूमि, तेवर, वाह ताज, जां निसार, दिल्ली-6, तेरा जादू चल गया, बिच्छू, ढाई अक्षर प्रेम के, बंटी और बबली, तेरे नाम, परदेस, भगत सिंह, जींस, ताजमहल, विधाता, बेवफा, ताजमहल-ए मान्यूमेंट आफ लव, चल चला चल, प्यार दीवाना होता है, ताजमहल, स्ट्रेंजर, यमला-पगला-दिवाना, गर्म हवा के साथ दक्षिण भारतीय फिल्म निर्देशक भरथ राजा की तमिल फिल्म 'ताजमहलÓ अभिनेता विक्रम की फिल्म सामी स्क्वायर की शूटिंग ताजमहल में की गई।

फिल्मी गीतों में दिखा ताज

  'यंगिस्तान' फिल्म का गीत 'सुनो न संगमरमर..' काफी प्रसिद्ध रहा। फिल्म 'मेरे ब्रदर की दुल्हन' में इश्क रिस्क, फिल्म 'तेवर' में अभिनेता अर्जुन कपूर की मस्ती के पलों को ताजमहल के साए में फिल्माया गया। 1998 में रिलीज फिल्म 'जींस' के गीत अजूबा में अभिनेत्री ऐश्वर्या राय के शॉट्स हैं। झूम बराबर झूम, बेवफा, यमला पगला दीवाना और बिच्छू के गीतों में ताजमहल को फिल्माया गया।

टीवी सीरियल में भी दिखी झलक

सीरियल विदाई, बाबा मोहे ऐसे वर ढूंढ़ो की शूटिंग कई महीने तक आगरा में की गई। ताजगंज की गलियों में सीरियल की शूटिंग हुई। 70 से ज्यादा एलबम और 40 से ज्यादा विज्ञापन ताजमहल में शूट किए जा चुके हैं।   

chat bot
आपका साथी