Farmers Protest: दिल्‍ली जाने की सोच रहे हैं तो छोड़ दें इरादा, आगरा-दिल्‍ली हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम

हरियाणा सरकार द्वारा बॉर्डर सील किए जाने के बाद दूसरे दिन बिगड़े हालात। 40 किलोमीटर तक फंसे पड़े हैं वाहन। रोडवेज बसेें मथुरा की तरफ नहीं जा रहीं फरह टोल प्‍लाजा से लौटकर वापस आ रही हैं कारें।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sat, 05 Dec 2020 09:29 AM (IST) Updated:Sat, 05 Dec 2020 09:29 AM (IST)
Farmers Protest: दिल्‍ली जाने की सोच रहे हैं तो छोड़ दें इरादा, आगरा-दिल्‍ली हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम
शनिवार सुबह हरियाणा बार्डर बंद होने पर आगरा-दिल्‍ली हाईवे पर फंसे खड़े ट्रक।

आगरा, जागरण संवाददाता। किसान आंदोलन का असर अब आगरा तक आ गया है। किसानों को दिल्‍ली कूच करने से रोकने के लिए हरियाणा सरकार ने कोसीकलां के आगे कोटवन बार्डर को सील कर दिया था। शुक्रवार दोपहर की गई इस कार्रवाई के बाद शनिवार सुबह तक हालात ये हो गए हैं कि आगरा-दिल्‍ली राष्‍ट्रीय राजमार्ग पर करीब 40 किलोमीटर तक जाम लगा पड़ा है। हजारों वाहन इसमें फंसे हुए हैं। पहले तो छोटे और चारपहिया वाहन गांवों के अंदर से गुजरकर गंतव्‍य तक जाते रहे लेकिन शनिवार को वह स्थिति भी नहीं बची है।

आगरा से रोजाना हजारों लोग दिल्‍ली और मथुरा की ओर से यात्रा करते हैं। शनिवार सुबह रोडवेज ने आगरा-मथुरा मार्ग पर बस भेजना बंद कर दिया है। इसके चलते यात्री परेशान नजर आए। जो बसें दिल्‍ली की ओर जा रही हैं, वे वाया यमुना एक्‍सप्रेस वे होकर जा रही हैं। मथुरा तक केवल प्राइवेट टैक्‍सी जा रही थीं। वह भी फरह पर टोल प्‍लाजा के आगे तक पहुंच चुके ट्रैफिक जाम के चलते वहीं से वापस लौट रही हैं।

दरअसल हरियाणा के पलवल में किसानों ने जाम लगा रखा है। इसके कारण हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कोटवन बार्डर से आगे हरियाणा पुलिस ने वाहनों को जाने से रोकने लिये शुक्रवार दोपहर नाका लगा दिया था। इससे हाईवे पर जाम हो गया है। हालात बुरी तरह से बिगड़ गए हैंं। शनिवार सुबह तक करीब चालीस किमी लंबे जाम में हल्के और भारी वाहन फंस गए हैंं। आगरा की तरफ से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को टाउनशिप तिराहे से गोकुल बैराज, जमुनापार होते हुए यमुना एक्सप्रेस वे की ओर निकाला जा रहा है। छटीकरा से भी वाहनों को वृंदावन होकर यमुना एक्सप्रेस वे की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। इधर, हल्के वाहनों को कोसीकला से ग्रामीण संम्पर्क मार्गो से हरियाणा भेजा जा रहा है। यदि हरियाणा सरकार ने बार्डर नहीं खोला तो शनिवार शाम तक हाल ये होगा कि ये ट्रैफिक जाम बढ़कर 80 किलोमीटर तक लंबा हो जाएगा और वाहनों की कतारें कीठम तक पहुंच चुकी होंगी। उधर यमुना एक्‍सप्रेस वे से होकर भी यदि दिल्‍ली जाना हो तो दिल्‍ली-नोएडा को जोड़ने वाले डीएनडी फ्लाईओवर पर भी जाम लगा है।  

chat bot
आपका साथी