दौरा रद पर चलता रहा काम

जागरण संवाददाता, आगरा: अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का दौरा भले ही रद हो गया, लेकिन ताजनगरी में तैय

By Edited By: Publish:Sat, 24 Jan 2015 09:46 PM (IST) Updated:Sun, 25 Jan 2015 04:55 AM (IST)
दौरा रद पर चलता रहा काम

जागरण संवाददाता, आगरा: अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का दौरा भले ही रद हो गया, लेकिन ताजनगरी में तैयारियां शनिवार दोपहर बाद तक चलती रहीं। शनिवार को सुबह से शाम तक एयरपोर्ट से लेकर पूर्वी गेट मार्ग पर मजदूर काम में जुटे रहे। ताज के अंदर भी रॉयल गेट पर सफाई की गई।

अमेरिकी राष्ट्रपति का आगरा दौरा शनिवार सुबह ही रद हो गया था। मगर अफसरों ने ताजनगरी में चल रही तैयारियों को जारी रखने का निर्णय लिया। ताज में रॉयल गेट की सफाई के साथ ही भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने संरक्षण का काम किया। माल रोड पर मजदूर डिवाइडर आदि को चमकाते रहे। यमुना किनारा रोड पर आगरा किले के समीप खराब स्ट्रीट लाइटों को बदलने का काम नगर निगम की टीम करती रही।

वहीं, अमेरिकी एडवांस टीम दोपहर करीब 2 बजे ताज पहुंची। एएसआइ के अफसरों से मुलाकात कर उन्होंने आधिकारिक कारणों से राष्ट्रपति के ताज नहीं आने का हवाला देते हुए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

ताज की सुरक्षा में एलईडी लाइट्स

अमेरिकी राष्ट्रपति का दौरा भले ही रद हो गया हो, मगर ताज की सुरक्षा और पुख्ता हो गई है। राष्ट्रपति के दौरे से पूर्व यमुना किनारे हैलोजन लाइटें लगी हुई थीं। अब इन्हें बदल दिया गया है। इनकी जगह एलईडी लाइट्स लगाई गई हैं, जो जल्दी खराब नहीं होंगी।

लौट गई अमेरिकी टीमें

आगरा दौरा रद होने के बाद ताजनगरी में डेरा डाले हुई अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां भी लौट गई हैं। दोपहर बाद शहर के दो होटलों में रुके अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों व अन्य टीमों के सदस्य यहां से रवाना हो गए।

chat bot
आपका साथी