लाख-बहोसी पक्षी विहार

By Edited By: Publish:Sun, 12 Aug 2012 07:57 PM (IST) Updated:Sun, 12 Aug 2012 07:57 PM (IST)
लाख-बहोसी पक्षी विहार

विश्वास पाठक अगर आप शहर की भीड़-भाड़ से ऊब चुके हैं या आप पक्षी प्रेमी हैं या प्रकृति के सानिध्य में शांतिमय दिन (रात नहीं) गुजारना चाहते हैं और अगर आप सुविधा प्रेमी नहीं हैं, तो आप लाख बहोसी पक्षी विहार का रुख कर सकते हैं। सुविधाओं का न होना ही इस पक्षी विहार को विशिष्ट बनाता हैं। बड़े नगरों और मुख्य मार्गो से दूर होने के कारण सामान्य पर्यटक और मोटर गाडि़यों का शोर व प्रदूषण इस स्थान तक नहीं पहुंचता। पक्षियों के लिए यह एक प्राकृतिक आवास है। इस पक्षी विहार को अपना नाम दो ग्रामों के नाम के युग्म से मिला है। लाख व बहोसी तालाबों को मिला कर इस पक्षी विहार की स्थापना 1988 में की गई थी। फिर 2007 में इसे राष्ट्रीय नम भूमि संरक्षण कार्यक्रम के 94 स्थानों में चिथ्ति किया गया। बहोसी तालाब का मार्ग सुगम हैं और पर्यटक बहोसी तालाब का भ्रमण ही करते हैं। तुलनात्मक रूप से बहोसी से लाख तालाब का मार्ग दुर्गम हैं। इस पक्षी विहार की कन्नौज से दूरी 40 किलोमीटर और औरेया जनपद के दिबियापुर नगर से बहोसी तक की दूरी 38 किलोमीटर है। यहां पक्षियों से संबंधित ज्ञानवर्धन के लिए एक पक्षी ज्ञान विज्ञान केंद्र भी हैं। यहां पर प्रवासी पक्षियों में बार-हेडेड गूस, पिन-टेल, कॉमन टील, गडवाल, शौवाल्लर, कूट ब्राšाणी डक (सुर्खाब), सैंड पाइपर, सफेद स्टोर्क आदि पाए जाते हैं। इनके अतिरिक्त ओपन बिल स्टोर्क, श्वेत कंठ स्टोर्क, श्याम कंठ स्टोर्क, श्वेत आइबिस, श्याम आइबिस, पन कौव्वा, किंगफिशर, स्पून बिल, ब्लैक दोरोंगों, व्हिशलिंग डक, श्वेत उदर जल मुर्गी, जल मुर्गा, स्विफ्ट उल्लू, हूपू, मैना, बगुला, बुलबुल, बाब्लेर सारस क्रेन की कई प्रजातियां पाई जाती हैं। इस पक्षी विहार का कुल क्षेत्रफल 80 वर्ग किलोमीटर, समीप नगर तिर्वा और दिबियापुर हैं, निकट रेलवे स्टेशन कन्नौज (40 किमी) और फफूंद (38 किमी) हैं। कैसे पहुंचे 1. यहां पहुंचने के लिए दिबियापुर-कन्नौज मार्ग पर 25 किमी चलने के बाद (बेला से 1 किमी आगे से) उत्तर दिशा में कल्याणपुर मार्ग की ओर 12 किमी चलने पर एक नहर के पुल को पार करते ही बाएं तरफ पक्षी-विहार का क्षेत्र शुरू हो जाता है। 2. कन्नौज की ओर से जाने के लिए कन्नौज-तिर्वा-इंदरगढ़-बहोसी मार्ग से यहां पहुंच सकते हैं, इंदरगढ़ के थाना के आगे लाख-बहोसी पक्षी विहार के मार्ग निर्देशक साइन-बोर्ड मार्ग दर्शन करते रहते हैं। क्या करें यहां चाय-नाश्ते की कोई व्यवस्था नहीं हैं, पीने के पानी के लिए हैंडपंप उपलब्ध हैं। पक्षियों के देखने के लिए छायादार स्थान और बैठने की व्यवस्था हैं। वाच-टॉवर के ऊपर से भी पक्षियों को देखा जा सकता है। भ्रमण के दौरान कैमरा, दूरबीन, टोपी, खाने का सामान, थर्मस में चाय आदि लेकर जाएं। क्या न करें धूम्रपान न करें, आग न जलाएं, पक्षियों को परेशान न करें, शोर न करें, होर्न न बजाएं, कचरा आदि न फैलाएं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी