राजस्थान में प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी, मंत्रियों की अधिकारियों से नहीं बैठ रही पटरी

राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल होने जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि अगले कुछ दिनों में आईएएस अधिकारियों की लंबी-चौड़ी तबादला सूची जारी होगी।

By Preeti jhaEdited By: Publish:Thu, 30 Jan 2020 12:32 PM (IST) Updated:Thu, 30 Jan 2020 12:32 PM (IST)
राजस्थान में प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी, मंत्रियों की अधिकारियों से नहीं बैठ रही पटरी
राजस्थान में प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी, मंत्रियों की अधिकारियों से नहीं बैठ रही पटरी

जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल होने जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि अगले कुछ दिनों में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों की लंबी-चौड़ी तबादला सूची जारी होगी। तबादला सूची में जिन अधिकारियों की अपने विभागों के मंत्रियों के साथ पटरी नहीं बैठ पा रही है, उन्हे भी बदला जाएगा। सरकार के मंत्रियों और अधिकारियों के बीच आपसी तनातनी के चलते सरकारी कामकाज प्रभावित हो रहा है।

अधिकारियों के साथ नहीं पटरी बैठने के कारण सात मंत्री अपने-अपने विभागों के अधिकारियों को बदलने को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से आग्रह कर चुके हैं। वहीं कुछ मंत्रियों एवं कांग्रेस विधायकों ने जिला कलेक्टरों को बदलने के लिए सीएम से सिफारिश की है।

सरकारी कामकाज हो रहा प्रभावित

राज्य के पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह और पर्यटन विकास निगम के एमडी के.बी.पंड्या के बीच विवाद काफी बढ़ गया है। विश्वेंद्र सिंह ने पंड्या को हटाए जाने तक निगम के कार्यालय जाने से ही इंकार कर दिया। विश्वेंद्र सिंह के दबाव के चलते अब पंड्या को हटाया जाना तय माना जा रहा है। इसी तरह चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ.रघु शर्मा और चिकित्सा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रोहित कुमार सिंह के बीच पिछले छह माह से खींचतान चल रही है। खींचतान का असर विभाग के कामकाज पर नजर आने लगा है। दोनों के बीच चल रहे विवाद के कारण मातहत अधिकारी दो खेमों में बंट गए।

शर्मा की कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे से निकटता के चलते यह माना जा रहा है कि रोहित कुमार सिंह को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से हटाया जाना तय है। जलसंसाधन मंत्री डॉ.बी.डी.कल्ला एवं विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संदीप वर्मा,श्रम मंत्री टीकाराम जूली और विभाग के सचिव नवीन जैन के बीच लंबे समय से खींचतान चल रही है। ऐसे में इन दोनों अधिकारियों को भी तबादला होना तय माना जा रहा है। इसके साथ ही अजमेर, झुंझुनूं, टोंक, सवाईमाधोपुर, उदयपुर और राजसमंद जिला कलेक्टरों को भी बदला जा सकता है। इन जिला कलेक्टरों को कांग्रेस विधायकों की नाराजगी का नुकसान होगा।

राजस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय मल्होत्रा, रोड़वेज के महाप्रबंधक श्री आलोक एवं कमांड एरिया डवलपमेंट आयुक्त तन्मय कुमार के केंद्र सरकार में प्रति नियुक्ति पर जाने के कारण इनके स्थान पर नये अधिकारियों को लगाया जाएगा। केंद्र की प्रतिनियुक्ति समाप्त होने पर वापस प्रदेश में आए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुधांश पंत काफी समय से पदस्थापन आदेश की प्रतिक्षा में है, उन्हे भी पोस्टिंग इसी सूची में मिलेगी।

राजस्थान के एक शादी में लडकी वालों ने बारातियों का स्वागत हैलमेट से किया

chat bot
आपका साथी