Coronavirus: काेराेना संकट के बावजूद लाेग लापरवाह, मास्क पहनने के बजाय भर दिया एक करोड़ जुर्माना

Coronavirus काेराेना संकट के बावजूद जालंधर के लाेग सरकार के अादेशाें का पालन करने में गंभीरता नहीं दिखा रहे है। इनमें सबसे ज्यादा गिनती बिना मास्क के घूमने वालाें की है।

By Vipin KumarEdited By: Publish:Fri, 24 Jul 2020 11:10 AM (IST) Updated:Fri, 24 Jul 2020 11:22 AM (IST)
Coronavirus: काेराेना संकट के बावजूद लाेग लापरवाह, मास्क पहनने के बजाय भर दिया एक करोड़ जुर्माना
Coronavirus: काेराेना संकट के बावजूद लाेग लापरवाह, मास्क पहनने के बजाय भर दिया एक करोड़ जुर्माना

जालंधर, जेएनएन। कोरोना से बचने के लिए दो से पांच रुपये का मास्क नहीं पहना लेकिन एक करोड़ रुपये का जुर्माना भर दिया। मास्क न पहनने वालों के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट के चालान काटकर जुर्माना वसूलने का आंकड़ा एक करोड़ पार कर गया है। पुलिस द्वारा जारी किए आंकड़ों के मुताबिक कोरोना वायरस से बचाव के लिए मास्क अनिवार्य करने के बाद 21,594 लोगों के चालान काटे गए और उनसे 1.01 करोड़ का जुर्माना वसूला जा चुका है। पुलिस ने इसे मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के मिशन फतेह का नाम दिया है।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर ने कहा कि लगातार लोगों से अपील की जा रही है कि घर से बाहर निकलते वक्त मास्क जरूर पहनें। इससे कोरोना संक्रमण से दूसरों के साथ उनका खुद का भी बचाव होगा। बिना मास्क के बाहर घूमने पर पुलिस 500 रुपए जुर्माना वसूल करती है।

होम क्वारंटाइन का उल्लंघन 75 हजार में पड़ा

कोरोना वायरस का मरीज मिलने पर उसके संपर्क में रहे लोगों के साथ बाहर से आने वाले लोगों को होम क्वारंटाइन किया जाता है। इसके बावजूद शहर में अभी तक 42 लोग होम क्वारंटाइन तोड़ चुके हैं। जिनसे पुलिस ने 75 हजार का जुर्माना वसूला है।

  405 लाेग बाहर थूकते पकड़े गए

पुलिस कमिश्नरेट ने शहर में 405 लोगों को सार्वजनिक जगहों पर थूकते हुए पकड़ा है। उनसे 92,100 रुपए का जुर्माना वसूला गया है। कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए पंजाब सरकार ने सार्वजनिक जगहों पर थूकने पर पाबंदी लगा रखी है ताकि उस थूक के संपर्क में आने से कोई कोरोना से संक्रमित न हो।

शारीरिक दूरी की सावधानी भी टूट रही

कोरोना वायरस का संक्रमण एक-दूसरे में न फैले, इसके लिए लोगों के बीच शारीरिक दूरी रहनी जरूरी है। इसके बावजूद 193 लोगों ने इस सावधानी का पालन नहीं किया। उनसे पुलिस ने 3.90 लाख का जुर्माना वसूला है।

जमकर तोड़ रहे ट्रैफिक नियम

कोरोना की महामारी के बावजूद ट्रैफिक नियम तोड़ने में भी शहरी पीछे नहीं है। 23 मार्च से लेकर अब तक पुलिस ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले 46,313 लोगों के चालान काट चुकी है। इसके अलावा कर्फ्यू नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में अभी तक 2,192 गाड़ियां जब्त की जा चुकी हैं।

ओवरलोडिंग भी नहीं रुकी रही

ओवरलोडिंग के खिलाफ भी शहरी पुलिस का खूब डंडा चल रहा है। कमिश्नरेट पुलिस ने 71 फोर व्हीलर्स से 1.37 लाख का जुर्माना वसूला। इसके अलावा ओवरलोड 34 ऑटो से पुलिस ने 17 हजार का जुर्माना वसूला है।

नियम फॉलो करें लोग

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर ने कहा कि काेरोना वायरस से बचने के लिए घर से बाहर निकलने पर मास्क पहनने और शारीरिक दूरी रखना बहुत जरूरी है। इसके अलावा भी लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करें ताकि पुलिस को इस तरह की सख्त कार्रवाई की जरूरत न पड़े। उन्होंने कहा कि यह लोगों की सामाजिक जिम्मेदारी है। बहुत से लोग इसका पालन भी करते हैं लेकिन कुछ लोग जो इसका उल्लंघन कर रहे हैं, उनके खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी