Jalandhar निगम चुनाव के लिए 77 वार्डों में सर्वे पूरा, सोमवार को फाइनल होगी वार्डबंदी की रिपोर्ट

आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर नई वार्डबंदी का काम अब तेजी पकड़ा रहा है। इस बार शहर में 5 नए वार्ड बनाए जाने हैं। वर्तमान में वार्डों की संख्या 80 है। नई वार्डबंदी में इनकी संख्या बढ़कर 85 हो जाएगी।

By Jagjit SinghEdited By: Publish:Thu, 06 Oct 2022 08:22 PM (IST) Updated:Thu, 06 Oct 2022 08:24 PM (IST)
Jalandhar निगम चुनाव के लिए 77 वार्डों में सर्वे पूरा, सोमवार को फाइनल होगी वार्डबंदी की रिपोर्ट
जालंधर में इस बार पांच वार्ड बढ़ाए जाने हैं। इसके बाद वार्डों की गिनती 85 हो जाएगी। सांकेतिक चित्र।

जागरण संवाददाता, जालंधर। निगम चुनाव के लिए नई वार्डबंदी का काम लगभग मुकम्मल हो गया है। 77 वार्डों में सर्वे पूरा हो चुका है। अब सिर्फ तीन वार्ड के कुछ इलाके ही लंबित हैं। इनके काम भी दो दिनों में निपटाने के निर्देश दिए गए हैं और सोमवार को फाइनल रिपोर्ट मांगी गई है।

नगर निगम कमिश्नर दविंदर सिंह ने वार्डबंदी को लेकर अधिकारियों के साथ की मीटिंग में कहा कि सर्वे पहले से ही सुस्त गति से चल रहा है, इसलिए सोमवार तक रिपोर्ट फाइनल हो जानी चाहिए। इसमें और देरी की गुंजाइश नहीं है। मीटिंग में सर्वे टीम को निगम कमिश्नर ने निर्देश दिया कि सोमवार को रिपोर्ट फाइनल करने के बाद डाटा कंपाइल करने का काम भी शुरू कर दिया जाए। अगले 10 से 12 दिन में यह प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाए।

उन्होंने कहा कि शहर में ब्लाक स्तर पर जनसंख्या, शहर की कुल जनसंख्या, इसमें महिलाओं और बच्चों की जनसंख्या का अलग विवरण दिया जाए। शेड्यूल कास्ट और बैकवर्ड क्लास कैटेगरी की जनसंख्या अलग से बताई जाए। इसी के आधार पर वार्डबंदी और आरक्षण का काम पूरा होना है। वार्डबंदी का काम पूरा होने के बाद नगर निगम शहर का नक्शा तैयार करेगा। इस पर ही वार्डबंदी के लिए एरिया तय किए जाएंगे। यह नक्शा चंडीगढ़ में लोकल बाड़ी डिपार्टमेंट और चीफ टाउन प्लानर को भेजा जाएगा, जो वार्डबंदी का काम पूरा करेंगे।

इस बार बढ़ेंगे पांच वार्ड

इस बार शहर में पांच वार्ड बढ़ाए जाने हैं। इसके बाद वार्डों की गिनती 85 हो जाएगी। लोकल बाडी डिपार्टमेंट ने इसके लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। नगर निगम का मौजूदा हाउस 24 जनवरी को खत्म हो रहा है और इससे पहले चुनाव करवाने जरूरी हैं।

अब राजनीति तेज होगी, कांग्रेस-भाजपा के वार्डों में कांट-छांट करवाएंगे

आप नेता वार्डबंदी के लिए सर्वे होने के बाद शहर की राजनीति गर्मा जाएगी। आम आदमी पार्टी के नेता अब कांग्रेस और भाजपा के मजबूत गढ़ों को तोड़ने की कोशिश करेंगे। जिन इलाकों में कांग्रेस मजबूत है, उन इलाकों को एक वार्ड में आने से रोकने की कोशिश की जाएगी।

इसके लिए विधानसभा चुनाव की बूथ स्तर की रिपोर्ट काम आएगी। वार्डबंदी के तहत कैंट विधानसभा हलके के निगम की हद में आए 11 गांवों के इलाकों को लेकर भी जिज्ञासा बनी हुई है। यहां पर करीब 35 हजार जनसंख्या है। कैंट विधानसभा हलके के वार्डों में काफी तोड़फोड़ की गुजाइंश है।

chat bot
आपका साथी