भाजपा के लिए आसान नहीं रूठे वर्करों को मनाना

सैफरन पार्टी के नाम से मशहूर भाजपा के लिए शहीदों के शहर में अपना गढ़ बचाना किसी चुनौती से कम नहीं है

By JagranEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 09:53 PM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 09:53 PM (IST)
भाजपा के लिए आसान नहीं रूठे वर्करों को मनाना
भाजपा के लिए आसान नहीं रूठे वर्करों को मनाना

संजय वर्मा, तरूण जैन, फिरोजपुर :

सैफरन पार्टी के नाम से मशहूर भाजपा के लिए शहीदों के शहर में अपना गढ़ बचाना किसी चुनौती से कम नहीं है, जिसका मुख्य कारण है कि पार्टी में गुटबाजी तथा वर्करों में मायूसी। वहीं कुछ छुटभैया नेता खुद को केंद्रीय मंत्रियों का करीबी बताकर 2022 के विधानसभा चुनाव में टिकट का दावेदार मान रहे हैं।

पार्टी की ओर से रुठे कार्यकर्ताओं को मनाने तथा चुनावों की तैयारियों को लेकर मंथन शुरू कर दिया गया है। जिला प्रभारी व पूर्व एडीजीपी आरपी मित्तल की ओर से वर्करों के साथ बैठकों का दौर शुरू कर दिया गया है। जिला प्रभारी चारों विधानसभा क्षेत्रों में जाकर वर्करों व नेताओं की नब्ज टटोल रहे हैं ताकि जमीनी हालात की रिपोर्ट हाईकमान को भेजी जा सके।

कृषि कानूनों के विरोध में पहले ही भाजपा के कई मंडल प्रधान अपनी टीम के साथ इस्तीफा दे चुके हैं। जिला टीम के कई नेताओं के अलावा ममदोट, मुदकी, फिरोजशाह मंडल के प्रधान अपने कई कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी को अलविदा कर गए थे। वहीं पार्टी को चार बार इस क्षेत्र में जीत दिलवाने वाले सैणी परिवार के वारिस सुखपाल सिंह नन्नू भी भाजपा को अलविदा कह चुके हैं। ऐसे हालात में पार्टी नए चेहरे की तलाश में जुट गई है। पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष कमल शर्मा की मृत्यु के बाद वर्कर स्वयं को अकेला महसूस कर रहे हैं। कमल शर्मा राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी में पहुंच रखते थे और उनके जीवित रहते पार्टी का ऊंचा नाम था, लेकिन उनकी मृत्यु के बाद जिले में कोई बड़े स्तर का नेता नहीं रहा, जोकि वर्करों को एक मंच पर एकत्रित कर सके। पहले ही आपसी गुटबंदी के कारण वर्ष 2012 में भाजपा अपने गढ़ को गंवा चुकी है और दो बार लगातार कांग्रेस का विधायक यहां से विकास के नाम पर चुनाव जीत रहा है। पार्टी में नहीं कोई गुटबाजी : गुप्ता

प्रांत कार्यकारिणी सदस्य व जिला कोर कमेटी सदस्य सुशील गुप्ता ने कहा कि पार्टी द्वारा मंडलों का गठन शुरू कर दिया गया है। भाजपा में किसी भी तरह की कोई गुटबाजी नही है।

भाजपा परिवार, चारों सीटो पर जीतेंगे चुनाव: मित्तल

जिला प्रभारी आरपी मित्तल ने कहा कि भाजपा एक परिवार की तरह है और पार्टी जिले की चारों सीटों पर चुनाव जीतेगी। चुनावों को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं और वर्करो को लामबंद किया जा रहा है। पंजाब में कमल खिलाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी