विदेशी युवतियों ने फेसबुक पर गांठी दोस्ती, फिर बिजनेस डील के बहाने ठग लिए 60 लाख

तीन महिलाओं सहित दह लोगों ने फेसबुक पर दोस्‍ती कर कारोबार के बहाने बठिंडा के कराबोरी से 60 लाख रुपये ठग लिये। इनमें तीन विदेशी हैं।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Fri, 22 Jun 2018 10:27 AM (IST) Updated:Sat, 23 Jun 2018 08:59 PM (IST)
विदेशी युवतियों ने फेसबुक पर गांठी दोस्ती, फिर बिजनेस डील के बहाने ठग लिए 60 लाख
विदेशी युवतियों ने फेसबुक पर गांठी दोस्ती, फिर बिजनेस डील के बहाने ठग लिए 60 लाख

जेएनएन, बठिंडा। सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर सक्रिय गैंग ने बठिंडा के कारोबारी विवेक माणिक से 60 लाख रुपये ठग लिये। आरोपितों ने साजिश के तहत बिजनेस की डील करने का झांसा देकर वारदात को अंजाम दिया। अब थाना कोतवाली पुलिस ने दसे महिलाओं सहित छह लोगाें के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कैंसर की दवा बनाने वाली लिक्विड मंगाने का दिया था झांसा

पुलिस ने विवेक माणिक की शिकायत पर दर्पणी मुलकी ईस्ट सिक्किम निवासी डॉ. संगीता शर्मा, स्कॉटलैंड निवासी विवियाना गिलशायर, नवीं मुंबई में र‍ह रही मिस एलिजाबेथ, लंदन निवासी टोनी मूरे, जोगेश्वरी नवीं मुंबई निवासी अनिल लाल बहादुर शर्मा और लखनऊ में उत्तरदौना के रॉयल एन्क्लेव निवासी विजय अग्रवाल के खिलाफ केस दर्ज किया है।

 पुलिस ने तीन महिलाओं समेत छह पर केस दर्ज किया

एसएसपी को दी शिकायत में अमरीक सिंह रोड क्षेत्र निवासी विवेक माणिक ने बताया कि उसे कारोबार में अवसर की तलाश रहती है। दिसंबर, 2017 में फेसबुक पर यूके निवासी विवियाना गिलशायर के साथ उसकी दोस्ती हुई। बातचीत के दौरान उसने बताया कि वह एक दवा कंपनी में डायरेक्टर की सेक्रेटरी के तौर पर काम करती है। उसकी कंपनी कैंसर की दवा बनाती है। इसके लिए भारत से ब्रोसमा बैटोलीना वीवी एक्स्ट्रा लिक्विड मंगाई जाती है। उनके डायरेक्टर ने कुछ समय पहले ही ज्वाइन किया है, इसलिए उसे भारत में सप्लायर के बारे में पता नहीं है।

विवेक के अनुसार, विवियाना ने उसे ऑफर दिया कि यदि वो उसके साथ मिलकर काम करे तो दोनों अच्छा पैसा कमा सकते हैं। उसने विवेक को सिक्किम की डॉ. संगीता का नंबर दिया। विवेक ने एक लाख रुपये डॉ. संगीता के अकाउंट में जमा कराकर लिक्विड का सैंपल मंगवा लिया। विवियाना के कहने पर टोनी मूरे ने विवेक को मुंबई की हवाई टिकट भेज दी। मुंबई पहुंच कर विवेक ने वह पार्सल मिस एलिजाबेथ नामक युवती को सौंप दिया।

विवेक के अनुसार, एलिजाबेथ ने बताया कि वो उस सैंपल को टेस्ट कराने के लिए पुणे की लैब में भेज रही है। उसकी रिपोर्ट आने पर ही वह अगला आर्डर करेगी। अगले दिन टोनी मूरे ने विवेक को फोन करके बताया कि उसका सैंपल पास हो गया है। अब उन्हें 300 लीटर लिक्विड की जरूरत है।

विवेक माणिक के अनुसार, उसने बताया कि वे एक लीटर के लिए विवेक को 24 हजार डॉलर देंगे, जिसके बाद उसने डॉ. संगीता से संपर्क किया। संगीता ने उसे बताया कि उसका पूरा आर्डर दो करोड़ रुपये का है। उसे एडवांस में 20 लाख रुपये जमा कराने होंगे। पेमेंट जमा होने के बाद उसने 20 लाख और जमा कराने के लिए कहा। अंत में डॉ. संगीता ने उसे 20 लाख रुपये और जमा कराने के लिए कहा।

विवेक ने बताया कि उसने सारी रकम डॉ. संगीता के पति अनिल शर्मा के दो बैंक अकाउंट में जमा कराई। मार्च के पहले सप्ताह में डॉ. संगीता ने उसे फोन करके बताया कि वह उसका आर्डर डिलीवरी के लिए भेज रही थी, मगर लाइसेंस न होने की वजह से नेपाल बार्डर पर उसे फोर्स ने पकड़ लिया है। उसने लाइसेंस बनवाने के लिए विवेक को 65 हजार डॉलर भेजने के लिए कहा।

इस बार विवेक को दाल में काला नजर आया। उसने लाइसेंस के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह लाइसेंस फर्जी है। इस पर उसने डॉ. संगीता से डील कैंसिल करके पैसे वापस करने के लिए कहा। उसके बाद आरोपितों ने अपने मोबाइल बंद कर लिए। इंंस्पेक्टर दविंदर ने कहा कि बैंक अकाउंट और मोबाइल नंबर के माध्यम से आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा। उसके लिए मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

chat bot
आपका साथी