राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी: कमल नाथ के दिल्ली जाने की राह में रोड़ा बन रही सीबीडीटी की रिपोर्ट

कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने कहा कि भाजपा कालेधन की बात कर रही है तो वह यह भी बता दे कि क्या वह ईमानदारी की कमाई से चुनाव लड़ती है? छापे की कार्रवाई विधानसभा चुनाव परिणामों से घबराई भाजपा द्वारा कांग्रेस को आघात पहुंचाने की दृष्टि से हुई थी।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sun, 10 Jan 2021 07:59 PM (IST) Updated:Sun, 10 Jan 2021 07:59 PM (IST)
राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी: कमल नाथ के दिल्ली जाने की राह में रोड़ा बन रही सीबीडीटी की रिपोर्ट
पार्टी में राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलने की लगाई जा रही हैं अटकलें।

भोपाल, स्टेट ब्यूरो। कांग्रेस नेतृत्व के विश्वासपात्र अहमद पटेल और मोतीलाल वोरा के निधन से आई रिक्तता को भरने के लिए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ का नाम तेजी से उभरा था। माना जा रहा था कि उन्हें पार्टी के केंद्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी। मध्य प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव में करारी हार के बाद यह संभावना और प्रबल हो गई थी, लेकिन केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) की रिपोर्ट उनके दिल्ली जाने की राह में रोड़ा बन रही है।

आयकर के छापे में बरामद दस्तावेजों में बड़े लेन-देन का जिक्र, कमल नाथ के करीबी निशाने पर

दरअसल, इसमें आयकर छापे में बरामद दस्तावेजों में बड़े लेन-देन का जिक्र है और कमल नाथ के करीबी ही इसमें निशाने पर हैं। चुनाव आयोग इस पूरे मामले की निगरानी भी कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल और वरिष्ठ नेता व कोषाध्यक्ष रहे मोतीलाल वोरा के निधन के बाद कमल नाथ के दिल्ली रुख करने की चर्चा निकली। इसकी वजह उनकी गांधी परिवार से नजदीकी और वरिष्ठ नेताओं से संबंध को बताया जा रहा था।

कमल नाथ की कवायद पर सीबीडीटी की रिपोर्ट ने फेरा पानी

कांग्रेस हाईकमान ने कमल नाथ को कोषाध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव दिया गया था पर वे सहमत नहीं थे। उन्होंने उपाध्यक्ष बनाए जाने की बात रखी थी। इस पर विचार चल ही रहा था कि सीबीडीटी की रिपोर्ट सामने आ गई। इससे पूरी कवायद पर पानी फिर गया।

लोकसभा चुनाव- 2019 के दौरान आयकर विभाग ने छापे की कार्रवाई की थी

लोकसभा चुनाव- 2019 के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री कमल नाथ के नजदीकी व्यक्तियों सहित अन्य के खिलाफ आयकर विभाग ने छापे की कार्रवाई की थी। इसमें कई दस्तावेज बरामद हुए थे, जिनमें कांग्रेस नेताओं, अधिकारियों सहित निजी व्यक्तियों के बीच बड़ी राशि के लेन-देन का उल्लेख था। इसको लेकर मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित भाजपा के अन्य बड़े नेताओं ने कमल नाथ से लेकर अन्य नेताओं पर यह आरोप लगाया था कि कांग्रेस चुनाव में कालेधन का उपयोग करती है। हवाला के जरिये राशि दिल्ली में कांग्रेस नेताओं को पहुंचाने की बात भी इन्हीं दस्तावेजों से सामने आई थी। इसके आधार पर चुनाव आयोग द्वारा भेजी गई सीबीडीटी की रिपोर्ट पर राज्य शासन ने आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) को प्रकरण सौंपा है। हालांकि, कमल नाथ कह चुके हैं कि इस मामले में पूरी जांच होना चाहिए। उन्होंने अपने दिल्ली जाने की बात पर भी कहा है कि वे मध्य प्रदेश में ही रहेंगे। पद का निर्णय पार्टी करेगी।

कांग्रेस कानूनी तौर पर करेगी मुकाबला

कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने कहा कि भाजपा कालेधन की बात कर रही है तो वह यह भी बता दे कि क्या वह ईमानदारी की कमाई से चुनाव लड़ती है? छापे की कार्रवाई लोकसभा चुनाव के पूर्व विधानसभा चुनाव परिणामों से घबराई भाजपा द्वारा कांग्रेस को आघात पहुंचाने की दृष्टि से हुई थी। कांग्रेस कानूनी तौर पर उसका मुकाबला करेगी।

chat bot
आपका साथी