भाजपा नेताओं के खाते में पहुंची 'न्याय' राशि को लेकर छत्तीगसढ़ में गरमाई सियासत

केंद्र सरकार किसान सम्मान निधि भी तीन किस्त में देती है उसका विरोध क्यों नहीं किया जा रहा है।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sat, 23 May 2020 09:31 PM (IST) Updated:Sat, 23 May 2020 09:33 PM (IST)
भाजपा नेताओं के खाते में पहुंची 'न्याय' राशि को लेकर छत्तीगसढ़ में गरमाई सियासत
भाजपा नेताओं के खाते में पहुंची 'न्याय' राशि को लेकर छत्तीगसढ़ में गरमाई सियासत

रायपुर, राज्य ब्यूरो। छत्तीगसढ़ में किसानों को धान के अंतर की राशि देने के लिए शुरू की गई राजीव गांधी किसान न्याय योजना में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक सहित दर्जनों भाजपा नेताओं के खाते में राशि पहुंची है। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक टिवटर पर सूची जारी की। इसमें लिखा- कांग्रेस पार्टी सभी के साथ न्याय कर रही है। इस पर सियासत गरमा गई है।

भाजपा ने कहा, किसान होना क्या पाप है, हक का मिला पैसा

कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री संगठन चंद्रशेखर शुक्ला ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक सूची जारी की, जिसमें भाजपा के दस नेताओं के नाम हैं। इस सूची में नेताओं को पहली किस्त में मिली राशि का जिक्र है। कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया में सूची वायरल करने के बाद भाजपा ने निशाना साधा है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि षडयंत्र के तहत यह सूची सार्वजनिक की गई है। क्या नेताओं का किसान होना पाप है। किसान किसी एक दल का नहीं होता है।

कांग्रेस की ओछी मानसिकता का परिचायक: भाजपा

नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि भाजपा सरकार में सभी किसानों के धान की खरीद की गई और बोनस दिया गया। उस समय यह नहीं देखा गया कि वे किस पार्टी के नेता है, किसान हैं। आज आश्चर्य लगता है कि कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया में सूची जारी की गई है। वह अनुचित है। किसी नेता को राशि नहीं दी गई है, किसानों को राशि दी गई है। प्रदेश में पहली बार कोई राशि जारी नहीं की गई है, पहले भी भाजपा सरकार में किसानों को बोनस दिया गया है। यह कांग्रेस की ओछी मानसिकता का परिचायक है।

न्याय योजना का विरोध करना है, तो पैसे करें वापस: कांग्रेस

कांग्रेस संचार विभाग के सदस्य आरपी सिंह ने पूर्व सीएम डॉ रमन और नेता प्रतिपक्ष कौशिक से सवाल किया कि किसानों की प्रोत्साहन राशि का विरोध कर रहे हैं, तो उनको जो राशि मिली है उसे वापस कर क्यों नहीं करते। केंद्र सरकार किसान सम्मान निधि भी तीन किस्त में देती है, उसका विरोध क्यों नहीं किया जा रहा है। भाजपा नेताओं को विरोध करना है तो न्याय योजना की राशि को मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा करा दें।

भाजपा बोली- रमन राज में मिला 13 हजार करोड का बोनस

कांग्रेस की ओर से सूची जारी करने के बाद भाजपा ने भी एक पोस्टर जारी किया है। इसमें भाजपा शासनकाल में किसानों को दिए गए बोनस की जानकारी है। छत्तीसगढ भाजपा की ओर से जारी पोस्टर में दावा किया गया है कि रमन राज में किसानों को 13 हजार 26 करोड रपये का बोनस दिया गया है। इसमें वर्ष 2006 से 2018 तक के आंकडे दिए गए हैं। 2013-14 में 2391 करोड, 2016-17 में 2087 करोड का जिक्र किया गया है।

इन भाजपा नेताओं को मिली राशि

डॉ रमन सिंह-26,612 अभिषेक सिंह-24,094 ननकीराम कंवर-16,902 शकुंतला देवी-2,517 धरमलाल कौशिक-25,029 पुन्नूलाल मोहले-56,101 दिनेश कश्यप-31,558 लच्छूराम कश्यप-35628 बैदूराम कश्यप-11,867 लता उसेंडी-3802।

chat bot
आपका साथी