राजस्थान के सीएम भजन लाल का बड़ा बयान, कहा- कोलकाता हाई कोर्ट ने ममता बनर्जी की तुष्टिकरण राजनीति पर लगाया ताला
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में राजस्थान के मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 70 वर्षों में कांग्रेस ने दलित आदिवासी व पिछड़ी जातियों का हक मारा है। पिछली सरकारों ने इनका हक मुसलमानों को देने का काम किया था किंतु अब भाजपा ऐसा होने नहीं देगी। ममता बनर्जी ने कोर्ट का निर्णय आने के बाद जो बयान दिया है वह कोर्ट की अवमानना है।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कोलकाता हाई कोर्ट के निर्णय पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि न्यायालय ने 2010 के बाद जारी ओबीसी प्रमाण पत्र रद्द कर ममता बनर्जी की तुष्टिकरण की राजनीति पर ताला लगा दिया है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बिना सर्वे कराए 118 मुस्लिम जातियों को ओबीसी में शामिल कर दिया था जो कि संविधान की मूल धारणा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलेगा तुष्टीकरण से नहीं। संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण की कोई व्यवस्था नहीं है।
रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को भी आरक्षण
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में राजस्थान के मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 70 वर्षों में कांग्रेस ने दलित, आदिवासी व पिछड़ी जातियों का हक मारा है। पिछली सरकारों ने इनका हक मुसलमानों को देने का काम किया था, किंतु अब भाजपा ऐसा होने नहीं देगी। ममता बनर्जी ने कोर्ट का निर्णय आने के बाद जो बयान दिया है वह कोर्ट की अवमानना है। बंगाल में रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को भी आरक्षण दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में 179 पिछड़ी जातियों में 118 मुस्लिम समुदाय की हैं। कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब का अपमान किया है। कांग्रेस ने 40 साल तक ओबीसी कमीशन को मान्यता नहीं दी। कांग्रेस ने अपने शासित राज्यों में ओबीसी व एससी का आरक्षण मुस्लिमों को दे दिया है।
उन्होंने कहा कि यूपी में सपा व कांग्रेस का गठबंधन परास्त हो चुका है। जनता ने इनके फरेबी गठबंधन को सफल नहीं होने दिया। जनता मोदी और योगी के काम पर मुहर लगा रही है।
उन्होंने कहा कि परिवारवादी लोग देश का भला नहीं कर सकते। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि आज राहुल कुर्ते के ऊपर ही सही किंतु जनेऊ पहनने लगे हैं। अब तो हनुमान जी के मंदिर भी जाने लगे हैं यही परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन मुंगेरीलाल के सपने देख रही है।