पीएम मोदी आज नोएडा, मुंबई और कोलकाता में लांच करेंगे बड़े कोविड जांच केंद्र

इन जांच केंद्रों की मदद से देश में परीक्षण क्षमता बढ़ेगी और महामारी के प्रसार को नियंत्रित करने में सहायता मिलेगी।

By Manish PandeyEdited By: Publish:Mon, 27 Jul 2020 07:54 AM (IST) Updated:Mon, 27 Jul 2020 07:54 AM (IST)
पीएम मोदी आज नोएडा, मुंबई और कोलकाता में लांच करेंगे बड़े कोविड जांच केंद्र
पीएम मोदी आज नोएडा, मुंबई और कोलकाता में लांच करेंगे बड़े कोविड जांच केंद्र

नई दिल्ली, प्रेट्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को नोएडा, मुंबई व कोलकाता में बड़े कोविड-19 जांच केंद्रों का शुभारंभ करेंगे। इन उच्च क्षमता वाले जांच केंद्रों की मदद से कोरोना संक्रमण की जांच में तेजी आएगी। समय पर जांच होने की स्थिति में मरीजों के इलाज में भी मदद मिलेगी।

वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये आयोजित होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे व बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शामिल होंगी।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, इन तीनों केंद्रों की शुरुआत रणनीतिक तौर पर भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के संस्थानों में की गई है। इनमें नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ कैंसर प्रिवेंशन एंड रिसर्च (एनआइसीपीआर) नोएडा, नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर रिसर्च इन रिप्रोडक्टिव हेल्थ (एनआइआरआरएच) मुंबई व नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ कॉलरा एंड एंट्रिक डिजीज (एनआइसीईडी), कोलकाता शामिल हैं।

इन केंद्रों में रोजाना 10 हजार से ज्यादा कोविड-19 के नमूनों की जांच की जा सकेगी। इन प्रयोगशालाओं में कोविड के अलावा अन्य बीमारियों की भी जांच हो सकेगी। महामारी खत्म होने के बाद इनमें हेपेटाइटिस बी व सी, एचआइवी, माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस, साइटोमेगालोवायरस, क्लैमाइडिया, नीसेरिया व डेंगू आदि की भी जांच हो सकेगी।                                                                      

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी आंकड़ो के अनुसार देश में 48,661 नए मामलों के साथ कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 13 लाख 85 हजार 522 हो गई है। इसमें से 4 लाख 67 हजार 882 सक्रिय मामले है और अब तक 8 लाख 85 हजार 577 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। वहीं, देश में महामारी की वजह से कुल 32,063 लोगों की मौत हो चुकी है।

chat bot
आपका साथी