MP Politics: विधानसभा उपचुनाव को लेकर सिंधिया के गढ़ में उतरी दिग्विजय की टीम

ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में जाने के बाद कांग्रेस के प्रति निष्ठा रखने वालों की पहचान करने में नेताओं को महीनों लग गए।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sat, 29 Aug 2020 11:05 PM (IST) Updated:Sat, 29 Aug 2020 11:05 PM (IST)
MP Politics: विधानसभा उपचुनाव को लेकर सिंधिया के गढ़ में उतरी दिग्विजय की टीम
MP Politics: विधानसभा उपचुनाव को लेकर सिंधिया के गढ़ में उतरी दिग्विजय की टीम

भोपाल, स्टेट ब्यूरो। ग्वालियर-चंबल संभाग के 16 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव होने हैं, जहां एक तरह से कांग्रेस का सीधा मुकाबला भाजपा में शामिल हो चुके ज्योतिरादित्य सिंधिया से होगा। ग्वालियर-चंबल संभाग सिंधिया का गढ़ माना जाता है और उनके प्रभाव को कम करने के लिए कांग्रेस कई तरह के प्रयास कर रही है। यही वजह है कि सिंधिया के धुर विरोधी माने जाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की टीम के प्रमुख सदस्य पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह, कंप्यूटर बाबा, विधायक जयवर्धन सिंह जैसे नेता इस अंचल में सक्रिय हो गए हैं। दिग्विजय सिंह भी क्षेत्र में एक दौरा कर चुके हैं।

कांग्रेस के प्रति निष्ठा रखने वालों की पहचान करने में नेताओं को महीनों लग गए

ग्वालियर-चंबल संभाग में अब तक कांग्रेस की पहचान ज्योतिरादित्य सिंधिया या उनके पिता स्व. माधवराव सिंधिया से थी। यहां संगठन में नियुक्तियों से लेकर स्थानीय निकाय, विधानसभा व लोकसभा चुनाव में टिकट का अंतिम फैसला कांग्रेस के लिए सिंधिया पिता-पुत्र ही करते थे, लिहाजा ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में जाने के बाद कांग्रेस के प्रति निष्ठा रखने वालों की पहचान करने में नेताओं को महीनों लग गए।

विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रभारी और स्थानीय नेताओं के साथ चुनाव मैदान में है कांग्रेस

उपचुनाव के लिए ग्वालियर-चंबल संभाग में पूर्व मंत्रियों को विधानसभा क्षेत्रों का प्रभारी बनाकर स्थानीय नेताओं के साथ जिम्मेदारी दी गई थी। अब तक 16 विधानसभा क्षेत्रों में कमल नाथ ने अपनी टीम को लगा रखा था, जिसमें पूर्व मंत्रियों के साथ कुछ मप्र कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी भी थे। कांग्रेस के लिए समर्पित नेता केके मिश्रा को कमल नाथ ने वहां कुछ महीने पहले भेजा है, जिन्होंने वहीं वॉर रूम बना लिया है।

दिग्विजय सिंह के बाद सक्रिय हुए डॉ. गोविंद सिंह

अब अंचल में सिंधिया के सामने दिग्विजय सिंह उतर आए हैं। पिछले दिनों दोनों नेता एक साथ ग्वालियर में रहे, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हुई कि ग्वालियर-चंबल संभाग में उपचुनाव सिंधिया बनाम दिग्विजय होगा। दिग्विजय सिंह ने सिंधिया के पुराने भाषण के वीडियो जारी कर उन्हें चुनौती भी दी। दिग्विजय के बाद वहां उनकी टीम के सबसे अहम नेता माने जाने वाले डॉ. गोविंद सिंह ने सितंबर में भिंड, मुरैना, दतिया का सात दिन का दौरा कार्यक्रम बना लिया। वे अब तक अपने आपको भिंड जिले तक सीमित रखे हुए थे। इस दौरान उनके साथ एक दिन दिग्विजय भी होंगे। यही नहीं दिग्विजय की टीम के कंप्यूटर बाबा व जयवर्धन सिंह भी इस कार्यक्रम से चुनावी माहौल तैयार करेंगे। 

ग्वालियर-चंबल संभाग में कांग्रेस के सभी नेता सक्रिय

ग्वालियर-चंबल संभाग में सभी नेता सक्रिय हैं। कमल नाथ का उपचुनाव की तारीखों के एलान के बाद दौरा कार्यक्रम बनेगा। इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। सज्जन सिंह वर्मा ने दतिया में रैली की है और डॉ. गोविंद सिंह-अशोक सिंह भी क्षेत्र में सक्रिय हैं- भूपेंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष, मीडिया विभाग, मप्र कांग्रेस कमेटी।

chat bot
आपका साथी