आज भाजपा में शामिल होंगे मेट्रो मैन ई. श्रीधरन, केरल चुनावों में बन सकते हैं पार्टी के उम्मीदवार

मेट्रो मैन ई. श्रीधरन(Metro man E Sreedharan) आज भाजपा में शामिल होंगे। ई श्रीधरन इस साल अप्रैल-मई में होने वाले केरल विधानसभा चुनावों में पार्टी के उम्मीदवार बनाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा है कि अगर पार्टी कहती है तो वे सीएम बनने को तैयार हैं।

By Shashank PandeyEdited By: Publish:Sat, 20 Feb 2021 09:12 AM (IST) Updated:Sat, 20 Feb 2021 10:32 AM (IST)
आज भाजपा में शामिल होंगे मेट्रो मैन ई. श्रीधरन, केरल चुनावों में बन सकते हैं पार्टी के उम्मीदवार
'मेट्रो मैन' के नाम से मशहूर ई. श्रीधरन(Metro man E Sreedharan)।(फोटो: दैनिक जागरण/फाइल)

तिरुअनंतपुरम, एजेंसियां। मेट्रो मैन के नाम से मशहूर ई. श्रीधरन(Metro man E Sreedharan) आज भाजपा में शामिल होंगे। वह केरल भाजपा अध्यक्ष के सुरेंद्रन की अगुवाई में आज निकलने वाली विजय यात्रा के दौरान ई श्रीधरन पार्टी में शामिल होंगे। ई. श्रीधरन इस साल अप्रैल-मई में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार भी बनाए जा सकते हैं। श्रीधरन ने कहा है कि भाजपा ही उनकी क्षमताओं का सही इस्तेमाल कर सकती है। उन्होंने कहा है कि उनका लक्ष्य केरल में पार्टी को सत्ता में लाना है और अगर ऐसा होता है और पार्टी की ओर से कहा जाता है कि वे मुख्यमंत्री बनने के लिए भी तैयार हैं। 

केरल को कर्ज के जाल से निकालना है- श्रीधरन

श्रीधरन ने कहा कि उनका मुख्य मकसद भाजपा को केरल में सत्ता में लाना है। अगर पार्टी सत्ता में आती है तो तीन से चार क्षेत्रों पर सबसे ज्यादा ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसमें बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचों का विकास, राज्य में उद्योग को वापस लाना और राज्य को कर्ज के जाल से बाहर निकालना शामिल है। इस साल अप्रैल-मई में केरल में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। 

कृषि कानूनों पर किया सरकार का समर्थन

पद्मश्री और पद्म विभूषषण से सम्मानित ई. श्रीधरन ने तीनों कृषि सुधार कानूनों का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि आजकल यह फैशन बन गया है कि मोदी सरकार जो कुछ भी कर रही है, उसका विरोध करो। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि देश में कहीं भी कोई असहिष्णुता नहीं है। 

विपक्ष पर साधा निशाना

ई. श्रीधरन ने कहा कि राष्ट्रवाद पर बहस दुर्भाग्यपूर्ण है। सभी विपक्षी दल बिना किसी मुद्दे के भाजपा का विरोध कर रहे हैं। अगर विपक्षी दलों का सरकार को समर्थन मिल जाए तो यह भारत के साथ ही विश्व के लिए बेहतर होगा।

पीएम मोदी से पुराना नाता

श्रीधरन ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कई सालों से जानते हैं। जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने वहां कई परियोजनाओं पर काम किया था। उन्होंने कहा, 'मैं उन्हें ([मोदी)] बहुत करीब से जानता हूं। वह बहुत ही ईमानदार, प्रतिबद्ध, देश हितों को लेकर भावुक, कठोर परिश्रमी और दूरदर्शी हैं।' 

chat bot
आपका साथी