मध्‍य प्रदेश : कोरोना संक्रमित भाजपा विधायक सकलेचा ने कई दिग्‍गज नेताओं से की थी मुलाकात

कोरोना संक्रमित पाए गए मध्य प्रदेश के भाजपा विधायक ओम प्रकाश सकलेचा (Om Prakash Saklecha) ने कई दिग्‍गज नेताओं से मुलाकात की थी। जानें कौन कौन है वो दिग्‍गज नेता...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sat, 20 Jun 2020 09:25 PM (IST) Updated:Sun, 21 Jun 2020 04:08 AM (IST)
मध्‍य प्रदेश : कोरोना संक्रमित भाजपा विधायक सकलेचा ने कई दिग्‍गज नेताओं से की थी मुलाकात
मध्‍य प्रदेश : कोरोना संक्रमित भाजपा विधायक सकलेचा ने कई दिग्‍गज नेताओं से की थी मुलाकात

भोपाल, जेएनएन। मध्य प्रदेश के भाजपा विधायक ओम प्रकाश सकलेचा (Om Prakash Saklecha) के कोरोना से संक्रमित पाए जाने के बाद सूबे के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। बताया जाता है कि वह शुक्रवार को राज्यसभा चुनाव के दौरान विधानसभा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan), केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर (Prakash Javadekar) और नरेंद्र सिंह तोमर (Narendra Singh Tomar), पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्रबुद्धे, भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) समेत भाजपा और कांग्रेस के कई नेताओं के संपर्क में आए थे।

कई लोगों से की थी मुलाकात

सूत्रों ने बताया कि मध्‍य प्रदेश विधानसभा के सीसीटीवी फुटेज और सुरक्षाकर्मियों से पता चला है कि सकलेचा राज्यसभा चुनाव के दौरान मतदान की लाइन में ही नहीं कई अन्‍य जगहों पर भी लोगों से मिले थे। यही नहीं वह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कक्ष में भी पहुंचे थे। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान के अलावा केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्रबुद्धे, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा से भी मिले थे।

नरेंद्र सिंह तोमर से भी की थी बात

सूत्र बताते हैं कि सकलेचा ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बीजे पांडा से भी काफी देर तक बात की थी। राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान से पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विधायकों की थर्मल स्क्रीनिंग की थी। इसकी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. संतोष शुक्ला के पास थी। यही नहीं सभी विधायकों से मतदान के पहले कोरोना संक्रमित नहीं होने के घोषणा पत्र भी लिए गए थे। सकलेचा ने भी यह घोषणा पत्र दिया था।

कलेक्‍टर बोले, 16 जून तक नहीं थे लक्षण

नीमच के कलेक्टर जितेंद्र सिंह राजे ने बताया कि सकलेचा 16 जून को नीमच से चले गए थे और उस समय तक उन्हें कोरोना संक्रमण के लक्षण होने की जानकारी नहीं थी। बता दें कि ओम प्रकाश सकलेचा मध्‍य प्रदेश के नीमच जिले की जावद तहसील से विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरेंद्र कुमार सकलेचा के बेटे हैं।

पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर कराया टेस्‍ट

दरअसल, शुक्रवार को सकलेचा की पत्नी की तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद दोनों ने कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल दिए थे। सकलेचा दंपती की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर इन्हें चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां दोनों का उपचार चल रहा है। दूसरी ओर विधायक की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने की खबर आते ही सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया। कई विधायकों और उनके स्टाफ ने कोरोना टेस्ट कराया।

पांच विधायक होम क्वारंटाइन

शुक्रवार को राज्‍य सभा के लिए हुए चुनाव में मतदान के दौरान सकलेचा के साथ रहे मंदसौर नीमच क्षेत्र के पांच विधायकों यशपाल सिंह सिसोदिया (मंदसौर), देवीलाल धाकड़ (गरोठ), अनिरुद्ध मारू (मनासा), दिलीप सिंह परिहार (नीमच) और दिलीप सिंह मकवाना (रतलाम ग्रामीण) और उनके स्टाफ को डॉक्टरों ने होम क्वारंटाइन रहने की सलाह दी है। बताया जाता है कि चार दिन बाद उनका एक और टेस्ट किया जाएगा।  

chat bot
आपका साथी