पीएम मोदी दो दिनों की जापान यात्रा पर जाएंगे, एबी देंगे निजी रात्रिभोज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अक्टूबर को जापान की दो दिनों की यात्रा पर जा रहे हैं। इस दौरान जापान के प्रधानमंत्री शिंजो एबी उन्हें यामानाशी स्थित अपने होलीडे होम में निजी रात्रि भोज देंगे।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Thu, 25 Oct 2018 11:41 PM (IST) Updated:Fri, 26 Oct 2018 12:43 AM (IST)
पीएम मोदी दो दिनों की जापान यात्रा पर जाएंगे, एबी देंगे निजी रात्रिभोज
पीएम मोदी दो दिनों की जापान यात्रा पर जाएंगे, एबी देंगे निजी रात्रिभोज

नई दिल्ली, प्रेट्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अक्टूबर को जापान की दो दिनों की यात्रा पर जा रहे हैं। इस दौरान जापान के प्रधानमंत्री शिंजो एबी उन्हें यामानाशी स्थित अपने होलीडे होम में निजी रात्रि भोज देंगे। यह संभवत: किसी विदेशी नेता के लिए आयोजित किया जा रहा इस तरह का पहला स्वागत भोज होगा। मोदी जापान के प्रधानमंत्री के साथ वार्षिक भारत-जापान शिखर वार्ता में भाग लेंगे।

यात्रा में भारत-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग का विस्तार करने, तीसरी दुनिया में संयुक्त बुनियादी संरचना परियोजनाएं संचालित करने और रक्षा तथा व्यापार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में संबंध और मजबूत करने पर ध्यान दिया जाएगा।विदेश सचिव विजय गोखले ने संवाददाताओं को बताया कि यह दोनों देशों के बीच 13वीं शिखर बैठक होगी। यह पांचवीं ऐसी बैठक होगी जिसमें प्रधानमंत्री मोदी हिस्सा लेंगे।

उन्होंने बताया कि एबी प्रधानमंत्री मोदी को रविवार को निजी रात्रिभोज के लिए यामानाशी में अपने निजी आवास पर लेकर जाएंगे। इसके बाद दोनों नेता ट्रेन से टोक्यो जाएंगे। यामानाशी टोक्यो से करीब 110 किलोमीटर दूर है।उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री एबी की ओर से यह बहुत ही विशेष आयोजन होगा। हमारा मानना है कि पहली बार कोई विदेशी नेता प्रधानमंत्री एबी के होलीडे होम में जाएंगे।'

गोखले ने कहा, 'दोनों नेताओं की शिखर बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा एक अहम मुद्दा होगा। हम समझते हैं कि कोरियाई प्रायद्वीप से जुड़े मुद्दों में जापान की रुचि को देखते हुए इस पर चर्चा होगी। हम निश्चित तौर पर आतंकवाद एवं सीमा के आरपार अपराध के विषय पर अपनी चिंता व्यक्त करेंगे जो हमारे लिए महत्वपूर्ण है।'

गोखले ने कहा कि भारत उम्मीद करता है कि प्रधानमंत्री मोदी के आयुष्मान भारत और जपान के ऐसे कार्यक्रम में एक प्रकार का संबंध है। आयुष्मान भारत को दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सेवा योजना माना जाता है जबकि जापान की ऐसी ही एक योजना को एशिया स्वास्थ्य सेवा पहल के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच चर्चा के दौरान चिकित्सा उपकरण, अस्पतालों एवं अन्य चीजों समेत उन क्षेत्रों में जापान से सहयोग बढ़ाने के रास्तों पर चर्चा की जायेगी जिसमें जापान की मजबूत स्थिति है।

chat bot
आपका साथी