मलेशिया में 9 मई को आम चुनाव, PM नजीब के खिलाफ मैदान में 92 वर्षीय महाथिर

मलेशिया में 9 मई को आम चुनाव होंगे। 222 संसदीय और 587 राज्य सीटों के लिए नामांकन 28 अप्रैल को होंगे।

By Nancy BajpaiEdited By: Publish:Tue, 10 Apr 2018 02:11 PM (IST) Updated:Tue, 10 Apr 2018 02:43 PM (IST)
मलेशिया में 9 मई को आम चुनाव, PM नजीब के खिलाफ मैदान में 92 वर्षीय महाथिर
मलेशिया में 9 मई को आम चुनाव, PM नजीब के खिलाफ मैदान में 92 वर्षीय महाथिर

कुआलालम्पुर (एएफपी)। मलेशिया में 9 मई को आम चुनाव होंगे। मलेशिया के निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को 14वें आम चुनाव की तारीख का ऐलान किया। ये चुनाव करोड़ों के घोटाले के आरोपों से घिरे प्रधानमंत्री नजीब रजाक के लिए आसान नहीं होगा, इसमें पूर्व प्रधानमंत्री और नजीब के गुरु महाथिर मुहम्मद भी उनके खिलाफ मैदान में होंगे।

इस बार बुधवार को होगा चुनाव 

निर्वाचन आयोग के अध्यक्ष मोहम्मद हाशिम बिन अब्दुल्ला ने कहा कि नौ मई को मलेशिया में मतदान होगा। वोटिंग बुधवार के दिन होगी। इसे असामान्य कदम माना जा रहा है क्योंकि मलेशिया में राष्ट्रीय चुनाव आमतौर पर सप्ताह के अंत में होते हैं। मतदान के दिन से पहले 11 दिवसीय चुनावी कैंपेन होगा, जिसमें सभी पार्टियां मतदाताओं को अपने लिए वोट करने की अपील करेंगी।

28 अप्रैल को नामांकन का आखिरी दिन

222 संसदीय और 587 राज्य सीटों के लिए नामांकन 28 अप्रैल को होंगे। हाशिम ने बताया कि इस दौरान मलेशिया के कुल 14,490,627 नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जबकि 2013 के चुनाव में 13,268,002 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

7 अप्रैल को भंग हुई मलेशियाइ संसद

बता दें कि संसद के भंग होने के बाद चुनाव की तारीख का ऐलान किया गया है। 13वीं मलेशियाइ संसद सात अप्रैल को भंग कर दी गई थी। नौ वर्षों तक प्रधानमंत्री पद पर काबिज रहने के बाद नजीब एक और कार्यकाल चाहते हैं। लेकिन इस बार उनका चुनाव जीतना आसान नहीं होगा। इस बार नजीब के खिलाफ विपक्षी दलों ने 92 वर्षीय महाथिर को उतारा है, जो एक वक्त में उनके गुरु थे। अगर चुनाव में उनके सिर जीत का सेहरा बंधता है तो वे इस पद पर चुने जाने वाले दुनिया के सबसे बुजुर्ग नेता होंगे। वैसे बतौर प्रधानमंत्री मोहम्मद महाथिर 22 साल देश की सेवा कर चुके हैं। उन्होंने यह पद 2003 में छोड़ा था।

पिछले छह दशकों से मलेशिया के संयुक्त मलय राष्ट्रीय संगठन (यूएमएनओ) सत्तारूढ़ पार्टी बरिसन नेशनल (बीएन) के साथ गठबंधन कर हर चुनाव जीतता रहा है। साल 2013 में बीएन 222 सीटों में से 133 सीटें जीतने में कामयाब रही थी।

chat bot
आपका साथी