संरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उपाय : डीआरएम

पूर्वतट रेलवे के संबलपुर मंडल की ओर से स्थानीय रेलवे स्टेडियम में 73 वा गणतंत्र दिवस कोविड प्रोटोकॉल के साथ मनाया गया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 28 Jan 2022 07:18 AM (IST) Updated:Fri, 28 Jan 2022 07:18 AM (IST)
संरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उपाय : डीआरएम
संरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उपाय : डीआरएम

संवाद सूत्र, संबलपुर : पूर्वतट रेलवे के संबलपुर मंडल की ओर से स्थानीय रेलवे स्टेडियम में 73 वा गणतंत्र दिवस कोविड प्रोटोकॉल के साथ मनाया गया। मंडल रेल प्रबंधक प्रदीप कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने समेत रेलवे सुरक्षा बल की ओर से आयोजित परेड की सलामी ली।

इस अवसर उन्होंने कहा कि संबलपुर मंडल ट्रेनों और स्टेशनों पर यात्रियों को सुरक्षित और कुशल ट्रेन सेवाएं और बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है। संबलपुर मंडल के प्रदर्शन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि मंडल में अप्रैल से दिसंबर 2021 तक 8.95 मीट्रिक टन माल का लदान किया गया, जो पिछले वर्ष 6.29 मीट्रिक टन का था। दिसंबर 2021 के अंत तक मंडल की कमाई 866.19 करोड़ दर्ज की गई है। संरक्षा रेलवे के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। इस संबंध में मंडल द्वारा कई उपाय किए गए हैं, जिसके परिणामस्वरुप संरक्षा स्तरों में काफी सुधार हुआ है। टिटिलागढ़, बरगढ़ रोड, लोइसिंगा, चारमाल और जुजुमुरा स्टेशनों पर अतिरिक्त प्लेटफार्म शेड उपलब्ध कराए गए हैं। चारमाल स्टेशन पर नया फुट ओवरब्रिज बनाया गया है। सात स्टेशनों पर दिव्याग शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं और सात स्टेशनों पर सर्कुलेटिंग एरिया में सुधार किया गया है। तीन स्टेशनों पर नई सीआइबी लगाई गई है। संबलपुर स्टेशन के अपशिष्ट जल के उपचार के लिए 250 सीएलडी क्षमता का एक सीवेज उपचार संयंत्र चालू किया गया है। अप्रैल से दिसंबर 2021 की अवधि के दौरान आरपीएफ द्वारा 30 नाबालिग बच्चों को बचाया गया है। उन्होंने कहा कि मंडल के डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मचारियों ने महामारी के पिछले दो वषरें के दौरान कोविड-19 रोगियों के इलाज में सराहनीय कार्य किया है। इस अवसर पर, पूर्वतट रेल महिला कल्याण संगठन की संबलपुर अध्यक्ष ईशा मलिक, अपर मंडल रेल प्रबंधक आनंद सिंह, पूर्वतट रेल महिला कल्याण संगठन के सदस्य, रेलवे अधिकारी, कर्मचारी भी उपस्थित रहे। मंडल कार्मिक अधिकारी एस. रामकृष्ण राव ने समारोह का समन्वय किया, जबकि सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी दिगंबर पाढ़ी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

chat bot
आपका साथी