सगरा की महिलाओं ने शव रखकर दिया धरना

सड़क दुर्घटना में युवक की मौत को लेकर क्षेत्र के सगरा गांव में तनाव का माहौल है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 19 Jan 2020 11:22 PM (IST) Updated:Mon, 20 Jan 2020 06:24 AM (IST)
सगरा की महिलाओं ने शव रखकर दिया धरना
सगरा की महिलाओं ने शव रखकर दिया धरना

संवाद सूत्र, बामड़ा : सड़क दुर्घटना में युवक की मौत को लेकर क्षेत्र के सगरा गांव में तनाव का माहौल है। गांव की महिलाओं ने मृतक के आश्रितों को क्षतिपूर्ति मुहैया कराने के साथ गांव में शराब की ब्रिकी बंद कराने के लिए शव रखकर धरना दिया। इसमें बड़ी संख्या में महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्यों ने शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद की।

इसकी खबर मिलने के बाद गोबिदपुर थाना प्रभारी प्रताप राणा और गरपोष चौकी इंचार्ज देबराज प्रधान मौके पर पहुंच ग्रामीणों को समझाने के साथ रेडक्रॉस और शराब विक्रेता से 10-10 हजार सहायता राशि दिलाने समेत आश्रित परिवार को इंदिरा आवास योजना में घर मुहैया कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हुआ। धरना समाप्त कर महिलाओं ने पुलिस के साथ गांव में जुलूस निकाल कर शराब न बेचने की चेतावनी दी है।

उल्लेखनीय है कि महेश कुमार लुहा (24) गुरुवार को गांव के ही एक शराब के अवैध विक्रेता के लिए शराब लेकर गरपोष से लौट रहा था। तभी वह दुर्घटना का शिकार हो गया और उसे बुर्ला मेडिकल में भर्ती कराया गया जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। देर शाम महेश का शव गांव पहुंचने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया था। वह अपने परिवार का इकलौता लड़का था।

chat bot
आपका साथी