राजधानी में घने कुहासे से सामान्य जनजीवन बाधित

राजधानी भुवनेश्वर एवं कटक में शनिवार को सुबह चारों तरफ घन

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Jan 2019 11:14 PM (IST) Updated:Sat, 19 Jan 2019 11:14 PM (IST)
राजधानी में घने कुहासे से सामान्य जनजीवन बाधित
राजधानी में घने कुहासे से सामान्य जनजीवन बाधित

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर

राजधानी भुवनेश्वर एवं कटक में शनिवार को सुबह चारों तरफ घने कुहासे के चलते सामान्य जीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया। इस साल पहली बार राजधानी भुवनेश्वर में इस तरह का कुहासा देखा गया है। इस दौरान अधिकांश लोग घरों में दुबने को मजबूर हो गए।

घने कुहासे का आलम यह रहा कि मात्र 10 मीटर की दूरी के बाद कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था और यह स्थिति सुबह करीब आठ बजे तक देखी गई। पेड़ के पत्तों से बड़ी-बड़ी बूंदें टपक रही थी। घने कुहासे का सबसे ज्याद असर न सिर्फ राजमार्गो पर देखा गया बल्कि इससे हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

कुहासे के कारण कुछ उड़ानों में देरी हुई तो भुवनेश्वर आने वाली कुछ विमानों के मार्ग को बदलना पड़ा है। खबर के मुताबिक सुबह के समय की छह विमानों की उड़ान देरी से हुई है। वहीं, कुहासे के कारण रेलगाड़ियों की गति भी धीमी करनी पड़ी है। सड़कों का आलम यह था कि सुबह के समय बाइक से यात्रा करते समय चालक के कपड़े कुछ ही क्षण में गीले हो गए।

इस बीच कुहासे के कारण कई जगहों पर दुर्घटनाओं की भी सूचना है। रास्ता दिखाई न देने के कारण भुवनेश्वर डमणा एवं कीट चौक पर दुर्घटना हुई है। डमणा चौक पर एक ऑटो एवं स्कूटी के बीच टक्कर हुई। कीट चौक पर एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हुई। वहीं केंदुझर जिला 20 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित हसनपुर टोलगेट के समीप एक बोलरो पलट जाने से दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। भोर तीन बजे यह घटना घटी है। बोलरो में कुल सात लोग सवार थे। यह हादसा रामचंद्रपुर थाना इलाके में हुआ है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को भी राजधानी में कुहासा पड़ा था मगर शनिवार को उससे कहीं ज्यादा था। कटक में भी समान स्थिति देखी गई है। सुबह के समय बादामबाड़ी बस स्टैंड से बस यातायात प्रभावित हुआ।

chat bot
आपका साथी