जनता से जो वादा किया वह पूरा किया : मुख्यमंत्री

बीजू जनता दल (बीजद) शासन की चौथी पारी का समापन होने जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 06 Mar 2019 05:12 PM (IST) Updated:Wed, 06 Mar 2019 05:12 PM (IST)
जनता से जो वादा किया वह पूरा किया : मुख्यमंत्री
जनता से जो वादा किया वह पूरा किया : मुख्यमंत्री

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : बीजू जनता दल (बीजद) शासन की चौथी पारी का समापन होने जा रहा है और कुछ ही दिनों में चुनाव तिथि की घोषणा हो जाएगी। आगामी चुनाव मैदान में उतरने से पहले 2014 चुनाव के समय जनता से बीजू जनता दल ने जो वादा किया था उसे पूरा किया है। इसी संदर्भ में मंगलवार को राज्य सचिवालय में आयोजित मंत्री परिषद की बैठक में मानस मंथन किया गया।

राज्य मंत्री परिषद की अंतिम बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पिछले 5 साल में बीजद सरकार की सफलता का वर्णन करते हुए कहा कि साढ़े चार करोड़ ओडिशा के लोग हमारा परिवार हैं। महाप्रभु के आशीर्वाद एवं राज्यवासियों की शुभकामना को आधार कर मैं सेवा कार्य कर रहा हूं। मैंने अपने परिवार को 2014 में जो आश्वासन दिया था उसे पूरा किया है। आगामी दिनों में भी जो आश्वासन जनता को मैं दूंगा उसे पूरा कर नया ओडिशा गठन के लिए काम करूंगा। ओडिशा वासियों का आशीर्वाद ही मेरी शक्ति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 मई 2014 को हमारी सरकार बनी और उसी दिन शाम को मंत्री परिषद की बैठक में चुनाव घोषणा पत्र को सरकार की नीति के रूप में हमने ग्रहण किया। आज 5 साल पूरे होने जा रहे हैं कितने वादे पूरे हुए, इसका मुख्यमंत्री ने पूरा ब्योरा रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 5 साल के बीच 10 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त जल सिचाई की व्यवस्था करने के लिए हमने जनता को आश्वासन दिया था अब तक 9 लाख हेक्टेयर जमीन के लिए जल सिचाई की व्यवस्था कर दी गई है। 2019 तक हम अपने निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लेंगे। वर्ष 2015 से किसानों को 1 फीसद ब्याज में फसल का कर्जा दिया जा रहा है। वर्तमान समय में कालिया योजना में किसानों को बिना ब्याज के कर्ज दिया जा रहा है। इसी तरह से 2014 में ग्रामीण इलाके में सभी कच्चे घरों को पक्का घर बनाने के लिए हमारी सरकार ने आश्वासन दिया था अब तक 20 लाख पक्के घरों का निर्माण हो चुका है। सभी को स्वास्थ्य सुरक्षा देने के अपने आश्वासन को भी राज्य सरकार ने बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना के जरिए पूरा कर रही है। सभी वर्ग के लोगों के लिए 5 लाख रुपये तक का इलाज देने की व्यवस्था सरकार ने की है। महिलाओं के लिए 6 लाख रुपये तक इलाज करने की व्यवस्था है।

स्वास्थ्य केंद्र में मुफ्त में दवा दी जा रही है। खाद्य सुरक्षा के वादे को भी बीजद सरकार ने पूरा किया है। 2013 से गरीब परिवार को 1 रुपये प्रति किलो चावल दिया जा रहा है। शिक्षा के लिए 190 मॉडल स्कूल बनाए गए हैं। बहुत जल्द 314 ब्लॉक में मॉडल स्कूलों का निर्माण कर दिया जाएगा। मिशन शक्ति परिवार को बिना ब्याज में कर्ज दिया जा रहा है। शिल्प क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। बस्तीवासियों को जमीन का अधिकार दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम ओडिशा के विकास के लिए कदम उठाए गए हैं। कोरापुट एवं बलांगीर में मेडिकल कॉलेज बनाने के साथ कालाहांडी में निर्माण कार्य शुरू हो गया है। बीजू एक्सप्रेस-वे का 70फीसद कार्य संपन्न हो गया है।

बैठक में वित्त मंत्री शशि भूषण बेहरा ने कहा कि कालिया योजना में 32 लाख से अधिक किसानों के बैंक खाता में 1600 करोड़ रूपये पहुंच चुका है। आज और 4 लाख 80 हजार किसानों के खाते में 5-5 हजार रुपये जमा कर दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि इस बैठक का पहली बार जिला स्तर पर सीधा प्रसारण किया गया।

chat bot
आपका साथी