एशियाई चैंपियंस में भारत ने चीन को रौंदा

उपकप्तान वीआर रघुनाथ के दो गोल की मदद से मौजूदा चैंपियन भारत ने चीन को 4-0 से हराकर दूसरी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की। भारत आज अपना दूसरा मैच जापान के खिलाफ खेलेगा। गुरुवार को खेले गए इस मैच में एसवी सुनील ने भारत की तरफ से 13वें मिनट में पहला गोल किया।

By Edited By: Publish:Fri, 21 Dec 2012 10:32 AM (IST) Updated:Fri, 21 Dec 2012 11:52 AM (IST)
एशियाई चैंपियंस में भारत ने चीन को रौंदा

दोहा। उपकप्तान वीआर रघुनाथ के दो गोल की मदद से मौजूदा चैंपियन भारत ने चीन को 4-0 से हराकर दूसरी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की। भारत आज अपना दूसरा मैच जापान के खिलाफ खेलेगा।

गुरुवार को खेले गए इस मैच में एसवी सुनील ने भारत की तरफ से 13वें मिनट में पहला गोल किया। इसके सात मिनट बाद रघुनाथ ने स्कोर 2-0 कर दिया। भारत ने मध्यांतर तक अपनी यह बढ़त बरकरार रखी और इसके बाद भी अच्छा खेल दिखाया। रघुनाथ ने 52वें मिनट में टीम की तरफ से तीसरा गोल किया। चौथा गोल भारत को तोहफे (सेल्फ गोल) में मिला। बिमल लकड़ा ने तीसरा गोल होने के एक मिनट बाद रूपिंदर के पास पर गेंद डिफ्लेक्ट की जो चीनी डिफेंडर से पैर से लगकर गोल में चली गई।

भारतीय कोच माइकल नोब्स ने इसे अच्छा प्रदर्शन करार दिया। उन्होंने कहा, 'हमने ठोस प्रदर्शन किया।' भारतीय कप्तान सरदारा सिंह ने कहा कि टीम ने अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमल किया। उन्होंने कहा, 'पिछले कुछ वर्षो से हम पहला मैच आसानी से जीतने की कोशिश करते रहे हैं और एक बार फिर से हम अपनी रणनीति में कामयाब रहे।' चीन ने शुरू में कुछ चुनौती पेश की, लेकिन मैच आगे बढ़ने के साथ उसकी एक नहीं चली। चीन 28वें मिनट में पहला गोल दागने की स्थिति में था, लेकिन फारवर्ड झिक्सिन पेनाल्टी कॉर्नर पर रिबाउंड से गोल नहीं कर पाए। भारतीय रक्षापंक्तिने इसके बाद उन्हें ऐसा कोई मौका नहीं दिया। रघुनाथ ने चीनी स्ट्राइकर यी सोंग को बांधे रखा। चीनी कप्तान यी सोंग ने कुछ अवसरों पर अच्छे हमले किए लेकिन वह गोलकीपर पीआर श्रीजेश को छकाने में नाकाम रहे। टूर्नामेंट कतर की राजधानी दोहा में खेला जा रहा है जो 20 से 27 दिसंबर तक चलेगी। टूर्नामेंट का पहला संस्करण पिछले साल चीन में खेला गया था। इस टूर्नामेंट में एशिया की छह टीमें भाग ले रही हैं। भारत और चीन के अलावा पाकिस्तान, जापान, मलेशिया व ओमान की टीमें भाग ले रही हैं। भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 24 को होगा। भारत के पास पिछले दिनों मेलबर्न में खेले गए चैंपियंस ट्राफी के सेमीफाइनल मुकाबले में पाक के हाथों मिली हार का बदला लेने का मौका है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी