तृणमूल ने बंगाल को गुंडातंत्र की प्रयोगशाला बना दिया है : नकवी

अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि पश्चिम बंगाल को तृणमूल और उसकी नेता ने गुंडातंत्र की प्रयोगशाला बना रखा है।

By Nitin AroraEdited By: Publish:Sun, 12 May 2019 04:16 PM (IST) Updated:Sun, 12 May 2019 04:16 PM (IST)
तृणमूल ने बंगाल को गुंडातंत्र की प्रयोगशाला बना दिया है : नकवी
तृणमूल ने बंगाल को गुंडातंत्र की प्रयोगशाला बना दिया है : नकवी

कोलकाता, जेएनएन। अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि पश्चिम बंगाल को तृणमूल और उसकी नेता ने गुंडातंत्र की प्रयोगशाला बना रखा है। उन्होंने रविवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान तृणमूल प्रमुख मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यहां गुंडातंत्र के माध्यम से लोकतंत्र पर हमला करने को कोशिश की जा रही है। तृणमूल और उसकी नेता को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों में विश्वास नहीं है।

नकवी ने कहा कि दीदी के अहंकार का जादू मंतर 23 मई को छूमंतर हो जाएगा। बंगाल में तृणमूल की अराजकता और गुंडागर्दी सभी जगह दिख रही है। विपरीत परिस्थितियों में यहां की जनता और भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा कर रहे हैं। नकवी ने आरोप लगाया की राज्य में चारों तरफ़ भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले किये जा रहे है। गत रात को भी पार्टी के कार्यकर्ता रमेंद्र मंडल की हत्या कर दी गई। भाजपा ने चुनाव आयोग से हमले एवं हिंसा करने वालों के खिलाफ कड़ी करवाई की मांग की है।

हर चरण के साथ हिंसा
पश्चिम बंगाल में हर चरण के साथ हिंसा देखने को मिल रही है। रविवार को छठे चरण के चुनाव से पहले ही खबर मिली की शनिवार रात एक भाजपा कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई है। इस दौरान दो अन्य लोगों को भी गोली मार दी गई, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही हैं। बता दें कि चुनाव के हर चरण में बंगाल से हिंसा की खबर सामने आई। कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट से लेकर पोलिंग बूथ पर देसी बम से हमला तक, यहां पिछले पांचों चरण के दौरान हिंसा लगातार बढ़ती गई है। गौरतलब है कि बढ़ती हिंसा के बावजूद यहां हर बार वोटिंग ज्यादा हुई।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी