एयर होस्टेस रिया गौतम मर्डर केस में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया

आदिल दिल्ली के मानसरोवर पार्क का, सलीम और राजू यूपी के अलीगढ़ के रहने वाले हैं। तीनों अच्छे दोस्त हैं।

By Abhishek Pratap SinghEdited By: Publish:Sat, 08 Jul 2017 04:42 PM (IST) Updated:Sat, 08 Jul 2017 04:42 PM (IST)
एयर होस्टेस रिया गौतम मर्डर केस में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया
एयर होस्टेस रिया गौतम मर्डर केस में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया

मुंबई, पीटीआई। एयर होस्टेस की ट्रेनिंग ले रही दिल्ली की रिया गौतम (21) की सरेआम चाकुओं से गोदकर हत्या करने वाले आदिल (22) को मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट 9 ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। आदिल के साथ उसके दो साथी राजू और सलीम को भी पुलिस ने पकड़ा है। आगे की कार्रवाई के लिए तीनों को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

बुधवार शाम आदिल ने रिया की उसके घर के पास चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। रिया और आदिल दोनों पड़ोसी थे और दोनों के बीच कई साल से दोस्ती थी। वारदात के बाद आदिल वहां से फरार हो गया था। मामले की जांच कर रही पुलिस को उसके रिश्तेदारों से पूछताछ में उसके मुंबई कनेक्शन का पता लगा।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुंबई में आदिल के कुछ फ्रेंड और रिलेटिव रहते हैं। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उसके फोन को ट्रेस किया और उसकी लोकेशन के आधार पर उसे अरेस्ट कर लिया गया। मुंबई पुलिस ने आरोपी मोहम्मद आदिल बेनी खान (23 साल) के साथ उसके दो दोस्त जुने सलीम अंसारी (19 साल) और फजिल राजू अंसारी (18 साल) को भी अरेस्ट किया है।

आदिल दिल्ली के मानसरोवर पार्क का, सलीम और राजू यूपी के अलीगढ़ के रहने वाले हैं। तीनों अच्छे दोस्त हैं। जानकारी के मुताबिक, आदिल को कुछ महीने पहले गाड़ी चोरी के आरोप में अरेस्ट किया गया था। तीन महीने बाद जब वह जेल से छूटा तो उसने रिया से संपर्क करने की कोशिश, लेकिन रिया ने उससे मिलने से मना कर दिया।

जेल से निकलने के बाद आरोपी ने रिया को दूसरे लड़के के साथ देख लिया। इस बात को लेकर आदिल और रिया के फ्रेंड के बीच झगड़ा भी हुआ था। झगड़े के दौरान उसने आदिल पर चाकू से हमला कर दिया था। तब भी रिया ही आदिल को इलाज के लिए हेडगेवार हॉस्पिटल लेकर गई थी। आदिल ने इसकी पुलिस कंप्लेंट नहीं की थी।

बता दें कि, इससे पहले भी गाड़ी चोरी के आरोप में उसे मानसरोवर पार्क पुलिस ने अरेस्ट किया था, तब रिया ने ही थाने पहुंचकर उसकी जमानत कराई थी।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम 

आदिल से पीछा छुड़ाने के लिए रिया ने मार्च 2017 में मानसरोवर पार्क थाने में लिखित कंप्लेंट की थी। इसके बाद वह गुजरात भाग गया था।

पुलिस अफसरों का कहना है कि वह मंगलवार को ही गुजरात से दिल्ली वापस लौटा था। बुधवार को वह लड़की से मिला। मुलाकात के बाद दोनों मंडोली रोड से गंदा नाले के साथ बनी सड़क से पैदल आ रहे थे। लड़की के घर से करीब 50 मीटर पहले आदिल ने लड़की के ऊपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। लड़की जान बचाने के लिए फोटो स्टूडियो के अंदर घुस गई, लेकिन उस समय स्टूडियो के अंदर कोई नहीं बैठा था।

मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने स्टूडियो के अंदर ही लड़की को चाकुओं से गोद डाला। फोटो स्टूडियो के मालिक के अलावा बाकी लोग जब वहां पहुंचे तो आरोपी लड़की को खून से लथपथ हालत में छोड़ चाकू सहित मौके से फरार हो गया।

ये पूरी वारदात एक ज्वेलरी शॉप के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें आरोपी लड़की पर ताबड़तोड़ हमले करता हुआ नजर आ रहा है।

यह भी पढ़ें: आरएसएस कार्यकर्ता की हत्‍या के बाद मंगलुरू में तनाव व्‍याप्‍त

यह भी पढ़ें: व्हाट्सएप-फेसबुक के जमाने में अब ‘सनम’ को खत लिखना पड़ेगा महंगा

chat bot
आपका साथी