बॉलीवुड के ये सितारे अब नहीं रहे हमारे बीच, लेकिन दे गए सुनहरी यादें

यहां आपको बता रहे हैं उन एक्टरों के बारे में जिन्होंने अलग-अलग कारणों से दुनिया को अलविदा कहा और बॉलीवुड और अपने फैंस को दे गए अपनी ना भुलाने वाली सुनहरी यादें

By Sanjay PokhriyalEdited By: Publish:Wed, 04 Jul 2018 05:11 PM (IST) Updated:Thu, 05 Jul 2018 12:20 AM (IST)
बॉलीवुड के ये सितारे अब नहीं रहे हमारे बीच, लेकिन दे गए सुनहरी यादें
बॉलीवुड के ये सितारे अब नहीं रहे हमारे बीच, लेकिन दे गए सुनहरी यादें

नई दिल्‍ली (स्‍पेशल डेस्‍क)। बॉलीवुड के लिए इन दिनों बुरा दौर चल रहा है। अभी हाल ही में अभिनेता इरफान खान को लेकर खबर आई थी कि वे एक गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। वह इन दिनों लंदन में अपना इलाज करा रहे हैं। अभी वे अपना इलाज करा कर लौटे भी नहीं कि एक ताजा खबर आई कि सोनाली बेंद्रे भी कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से गुजर रही हैं। आपको बता दें कि इसके पहले भी बॉलीवुड ने कई लीजेंड को खोया है, जिससे बॉलीवुड को काफी नुकसान हुआ है। यहां आपको बता रहे हैं उन एक्टरों के बारे में जिन्होंने हाल के दिनों में अलग-अलग कारणों से दुनिया को अलविदा कहा।

श्रीदेवी
बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री श्रीदेवी का फरवरी 2018 में दुबई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। उस रात जब मुंबई नींद के आगोश में थी, तो इस ख़बर ने जैसे बिजली गिरा दी। इस खबर के बाद हर कोई सदमे में था। कोई यकीन करने को तैयार नहीं था कि श्रीदेवी अब नहीं रही। श्रीदेवी की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई थी। जिस वक्त यह घटना घटी, उस समय उनके पति बोनी कपूर और उनकी छोटी बेटी खुशी उनके साथ थीं। फैमिली फंक्शन के सिलसिले में श्रीदेवी परिवार के साथ दुबई गईं थी। लेकिन इस मौके पर उनकी बड़ी बेटी उनके साथ नहीं थी। जाह्नवी अपनी फिल्म शूटिंग के शेड्यूल के चक्कर में दुबई नहीं जा पाईं थी।

विनोद खन्ना
विनोद खन्ना का निधन 27 अप्रैल 2017 को मुंबई के एक अस्पताल में लम्बी बीमारी के बाद हो गया था। यह ख़बर मिलते ही विनोद खन्ना के साथ काम कर चुके अभिनेता से लेकर नेता तक सब ग़मगीन हो गए। वो 70 साल के थे। अमर अकबर एंथोनी, कुर्बानी और दयावान सहित 140 से अधिक फ़िल्में करने वाले विनोद खन्ना की कुछ समय पहले ही एक तस्वीर भी वायरल हुई थी जिसमे वो काफी बीमार दिख रहे थे लेकिन परिवार के लोगों ने बताया था कि उनकी सेहत ठीक है। विनोद खन्ना पंजाब के गुरुदासपुर से तीन बार सांसद थे। उनको मरणोपरांत दादा साहब फाल्‍के अवार्ड से सम्‍मानित किया गया।

राजेश खन्ना
राजेश खन्ना की अभिनय के सब कायल थे। उनका वास्तविक नाम जतिन खन्ना था। अपने अंकल के कहने पर अपना नाम बदल कर राजेश खन्ना कर लिया। 1969 से 1975 के बीच राजेश ने कई सुपरहिट फ़िल्में दीं। उनका करिश्मा कुछ ऐसा था कि उस दौर में पैदा हुए ज्यादातर लड़कों के नाम राजेश रखे गए। फ़िल्म इंडस्ट्री में राजेश को प्यार से काका कहा जाता था। 18 जुलाई 2012 को उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कहा। दूसरी बात यह भी है कि आज वो हमारे बीच नहीं हैं, पर अपनी फ़िल्मों और निभाए गए अपने किरदारों से हमेशा अपने चाहने वालों के बीच बने रहेंगे।

शम्मी कपूर
शम्मी कपूर भारतीय सिनेमा के ऐसे अभिनेता रहे हैं, जिन्होंने बॉलीवुड अभिनेताओं के डांस करने के चलन की शुरुआत की। आज के दौर में इंटरनेट के करोड़ों लोग दीवाने है। दिलचस्प बात यह है कि शम्मी कपूर फ़िल्म इंडस्ट्री में ही नहीं, देश मे भी इंटरनेट का इस्तेमाल करने वाले कुछ शुरुआती लोगों में से एक थे। अपने दमदार अभिनय से दर्शकों के दिलों पर खास पहचान बनाने वाले शम्मी कपूर ने 14 अगस्त 2011 को इस दुनिया को अलविदा कहा।

शशि कपूर
हिंदी सिनेमा के पितामह कहे जाने वाले पृथ्वीराज कपूर के घर 18 मार्च, 1938 को जन्मे शशि कपूर पृथ्वीराज की चार संतानों में सबसे छोटे थे। जाहिर है कि अभिनय उन्हें विरासत में मिला था। वह बॉलीवुड में 70 और 80 के दशक में एक रोमांटिक अभिनेता के तौर पर अपनी पहचान बना चुके थे। उन्होंने अंग्रेजी नाटकों की अभिनेत्री जेनिफर केंडल से विवाह किया था। उनकी तीन संतानें कुणाल, करण और संजना कपूर हैं। अपने खास अंदाज से सिने जगत पर राज करने वाले बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शशि कपूर का 79 वर्ष की आयु में निधन हुआ। उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्हें कई वर्षों से किडनी की समस्या थी। 

chat bot
आपका साथी