सीमा पर भारतीय सेना के लिए 43 पुल बनकर तैयार, रक्षामंत्री देश को करेंगे समर्पित

भारतीय सेना के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के लिए सीमा सड़क संगठन द्वारा हिमाचल प्रदेश पंजाब उत्तराखंड अरणाचल प्रदेश सिक्किम और केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू कश्मीर व लद्दाख में बनाए गए 43 इन पुलों को रक्षामंत्री देश को समर्पित करेंगे।

By Manish PandeyEdited By: Publish:Thu, 24 Sep 2020 08:49 AM (IST) Updated:Thu, 24 Sep 2020 08:49 AM (IST)
सीमा पर भारतीय सेना के लिए 43 पुल बनकर तैयार, रक्षामंत्री देश को करेंगे समर्पित
रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में इन पुलों का निर्माण किया गया है।

नई दिल्ली, एजेंसी। वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीन के साथ जारी तनाव के बीच सीमा से सटे 7 राज्यों / केंद्र शाशित प्रदेशों में 43 पुल बनकर तैयार हैं। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज इन पुलों का उद्धाटन करने वाले थे, लेकिन रक्षा मंत्रालय ने रेल राज्य मंत्री (MoS) सुरेश अंगड़ी की मौत के मद्देनजर इस कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है। एमओएस रेलवे का बुधवार को दिल्ली एम्स में निधन हो गया था। कोरोना संक्रमित होने के बाद 11 सितंबर से उनका इलाज चल रहा था।

भारतीय सेना के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के लिए सीमा सड़क संगठन ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, अरणाचल प्रदेश, सिक्किम और केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू कश्मीर व लद्दाख में इन पुलों का निर्माण किया है। इन पुलों का उद्घाटन रक्षामंत्री राजनाथ सिह दिल्ली से वीडियो कान्फ्रेंस के जरिए करेंगे।

इन पुलों का निर्माण रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किया गया है, जिसकी वजह से सैनिकों और हथियारों की त्वरित आवाजाही सुनिश्चित करने में सशस्त्र बलों की मदद मिलेगी। इनमें से 10 पुल जम्मू कश्मीर के सीमांत क्षेत्रों, 7 पुलों का निर्माण केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में हुआ है, जबकि 2 पुल हिमाचल प्रदेश, 4 पुल पंजाब, 8 पुल उत्तराखंड, 8 पुल अरूणाचल प्रदेश‌ और 4 पुल सिक्किम में बनाए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि राजनाथ सिंह अरुणाचल प्रदेश के तवांग की एक महत्वपूर्ण सड़क पर नेचिपु सुरंग का भी शिलान्यास करेंगे। चीन के साथ सीमा विवाद के बीच भारत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम कर रहा है। जिसमें हिमाचल प्रदेश के दारचा को लद्दाख से जोड़ने वाली एक रणनीतिक सड़क शामिल है।

chat bot
आपका साथी