बजट से पहले आधे दर्जन राज्यों में नियुक्त होंगे नए राज्यपाल

अगले दो दिनों में उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ समेत कुछ अन्य राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त हो सकते हैं। यह लगभग तय माना जा रहा है कि वीके मल्होत्रा, केसरी नाथ त्रिपाठी, बीडी टंडन, ओ. राजगोपाल और लालजी टंडन समेत कुछ दूसरे वरिष्ठ नेता पहले चरण में राज्यपाल नियुक्त होंगे। जबकि इस साल के अंत तक अन्य एक दर्जन नए राज्य

By Edited By: Publish:Wed, 02 Jul 2014 11:00 PM (IST) Updated:Thu, 03 Jul 2014 08:12 AM (IST)
बजट से पहले आधे दर्जन राज्यों में नियुक्त होंगे नए राज्यपाल

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। अगले दो दिनों में उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ समेत कुछ अन्य राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त हो सकते हैं। यह लगभग तय माना जा रहा है कि वीके मल्होत्रा, केसरी नाथ त्रिपाठी, बीडी टंडन, ओ. राजगोपाल और लालजी टंडन समेत कुछ दूसरे वरिष्ठ नेता पहले चरण में राज्यपाल नियुक्त होंगे। जबकि इस साल के अंत तक अन्य एक दर्जन नए राज्यपाल बनाए जाएंगे।

राजभवनों में बदलाव की केंद्र की मंशा के अनुरूप चार राज्यपाल इस्तीफा दे चुके हैं। जबकि कर्नाटक और त्रिपुरा के राज्यपाल का कार्यकाल खत्म हो चुका है। कुल मिलाकर आधा दर्जन राज्यों में राज्यपाल की नियुक्ति का रास्ता साफ है। केवल उन राज्यपालों ने इस्तीफे से इन्कार किया है जो कांग्रेस की सक्रिय राजनीति में थे। सूत्रों के अनुसार सरकार फिलहाल बहुत टकराव के मूड में नहीं है। लिहाजा, बजट सत्र से पहले उत्तर प्रदेश समेत उन राज्यों में ही नियुक्ति होगी जहां स्थान रिक्त है। यह तय नहीं हो पाया है कि उत्तर प्रदेश के राजभवन में किसे भेजा जाए। हालांकि, कर्नाटक में राजगोपाल को भेजा जा सकता है। पंजाब के टंडन को पश्चिम बंगाल भेजा जा सकता है।

बताते हैं कि अगले कुछ महीनों में जहां राज्यपाल का कार्यकाल खत्म होने वाला है उन्हें नहीं छेड़ा जाएगा। मसलन, गुजरात की राज्यपाल कमला बेनीवाल का कार्यकाल इस साल के अंत में खत्म हो रहा है। बजट सत्र के बाद तक अगर केरल, राजस्थान, पंजाब जैसे राज्यों में वर्तमान राज्यपाल स्थान रिक्त नहीं करते हैं तो उन्हें दूसरे राज्यों में भेजा जा सकता है। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल को हटाने पर भी कोई पाबंदी नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश से सभी बंधे होते हैं, लेकिन यह स्पष्ट है कि जिसकी नियुक्त को लेकर कोई मापदंड नहीं हो उसे हटाने को लेकर भी कोई मापदंड नहीं हो सकता।

पढ़े: प. बंगाल के राज्यपाल ने इस्तीफा दिया

राजनाथ ने दिए संकेत, अगले हफ्ते नियुक्त होंगे छह नए राज्यपाल

chat bot
आपका साथी