मोदी बोले, 'जम्‍मू-कश्‍मीर का सपना जरूर पूरा होगा'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को लोगों को कड़वे अतीत को भुला, जाति-बिरादरी, अपने-पराए से ऊपर उठकर, जम्मू कश्मीर के विकास, सुखद भविष्य और एक मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान का आहवान किया। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में इस बार बदलाव की लहर है। पहली बार बड़ी संख्या में

By anand rajEdited By: Publish:Tue, 16 Dec 2014 08:28 AM (IST) Updated:Tue, 16 Dec 2014 04:43 PM (IST)
मोदी बोले, 'जम्‍मू-कश्‍मीर का सपना जरूर पूरा होगा'

जम्मू [राज्य ब्यूरो]। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को लोगों को कड़वे अतीत को भुला, जाति-बिरादरी, अपने-पराए से ऊपर उठकर, जम्मू कश्मीर के विकास, सुखद भविष्य और एक मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान का आहवान किया। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में इस बार बदलाव की लहर है। पहली बार बड़ी संख्या में महिलाएं भी चुनाव प्रक्रिया में रुचि लेते हुए वोट डालने निकली हैं।

यह जागरुकता भारत के लोकतंत्र को मजबूत बनाएगी। वह कठुआ जिले के संगेढ़ (बिलावर) में आज भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। लगभग 24 मिनट के अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस, नेकां और पीडीपी को आड़े हाथ लेते हुए राज्य की हर समस्या की जड़ इन तीन दलों की वशंवादी,परिवारवादी सियासत को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि बीते दिनों में क्या हुआ, उसे भूल जाइए। आने वाले दिनों में क्या करना है, उसके लिए मतदान करिए। पहली बार जम्मू-कश्मीर में लोग एक साथ अपने भविष्य का फैसला करने के लिए आगे आए हैं। पहली बार जम्मू-कश्मीर के लोगों ने इस ताकत को महसूस किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जाति-बिरादरी, अपने और पराए से ऊपर उठकर मतदान करिए। जम्मू कश्मीर का नौजवान रोजगार चाहता है, यहां लोग विकास चाहते हैं। जाति-बिरादरी की बात शादी विवाह में मददगार हो सकती हे, रोजगार और विकास में नहीं। उन्होंने कांग्रेस, नेकां और पीडीपी पर निशाना साधते हुए लोगों से पूछा पहले किसने, उसके बाद किसने और फिर किसने राज्य को लूटा।

पीएम ने कहा कि इन तीनों ने ही बार-बार सरकार बनाई। लोग इनसे पूरी तरह ऊब चुके हैं, भ्रष्टाचार से तंग आ गए हैं और उन्हें पहली बार लगा है कि उनके साथ खड़ा होने के लिए अब कोई आया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू कश्मीर की परेशानी भ्रष्टाचार, कुशासन और परिवारवाद है। इन्होंने राज्य और देश को बरबाद कर दिया है। वंशवाद और परिवारवाद ने लोकतंत्र की जड़ों में दीमक लगा दी है।

उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर को भी वंशवाद से मुक्ति चाहिए। जब तक ऐसा नहीं होगा तो यही परिवार यही बाप-बेटा, बाप-बेटी राज करते रहेंगे, आपके बेटों-बेटी का नंबर नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि यह भाजपा का लोकतंत्र है, यह लोकतंत्र की ताकत है कि आज एक चायवाला प्रधानमंत्री बना है। जम्मू कश्मीर के लोग अगर उज्जवल भविष्य चाहते हैं, वह चाहते हैं कि उनके बच्चे भी उच्च पदों पर पहुंचे तो उन्हें इस वंशवाद को समाप्त करना होगा। लोकतंत्र के सिवाय उनके पास कोई चारा नहीं है।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को सबक सिखाने पर जोर देे हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही अवसरवादी सियासत खेली है। उसने कभी भी नहीं चाहा कि जम्मू कश्मीर में एक मजबूत और स्थिर सरकार बने। जम्मू का सबसे ज्यादा नुकसान ही कांग्रेस ने किया है। कांग्रेस के खेल का सबसे ज्यादा शिकार जम्मू के लोग ही बने हैं। कश्मीर में लोग इसे पांव नहीं पसारने दे रहे। कांग्रेस के डीएनए में ही अन्याय है। उन्होंने कहा कि जब तक लोग इन दलों को नहीं निकालेंगे यह अन्याय चलता ही रहेगा। जम्मू संभाग की 22 सीटें बहुत अहम हैं। इन सीटों पर ही कांग्रेस यहां सियासत करती रही है। कश्मीर में लोगों ने उसे कभी नहीं टिकने दिया। जम्मू के लोग भी अब इसे पहचानें। कांग्रेस हारने वाली है, लेकिन यह ऐसे हारे कि अगले 50 साल तक इन्हें जगह न मिले। इसके लिए जरुरी है कि इनके लिए हर गांव की मतपेटियां खाली निकलें। आप भाजपा को इन 22 सीटों पर जिताइए। एक स्वच्छ, विकास और काम करने वाली स्थिर सरकार बनाइए। उन्होंने इस दौरान जम्मू कश्मीर में बदलाव के प्रति लोगों की चाह का जिक्र करते हुए कहा कि मैं पहले भी चुनावों के समय आता था। लेकिन इस बार अजब दृश्य देख रहा हूं। पहली बार यहां महिलाओं की इतनी बड़ी तादाद देख रहा हूं। कश्मीर में भी बड़ी संख्या में महिलाएं बुर्का पहनकर चुनावी रैलियों में आई, वोट डालने भी पहुंची।

प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं में यह जागरुकता भारत में लोकतंत्र को मजबूत बनाएगी। मैं मां-बहनों को प्रणाम करता हूं। माता-बहनो जो मुझे रक्षा क्वच दिया है, मैं उसके लिए आभारी हूं। आजादी के बाद पहली बार जम्मू कश्मीर के लोगों में बदलाव के प्रति चाह देख रहा हूं। उन्होंने कहा कि इस समय पूरी दुनियाके राजनीतिक पंडितो का ध्यान जम्मू कश्मीर के चुनावों पर है। पूरी दुनिया इन चुनावों को बारीकी से देख रही है। यहां लोगों ने 70 प्रतिशत मतदान कर पूरी दुनिया को चकित कर दिया है। उन्होंने जम्मू कश्मीर में पर्यटन क्षेत्र, पश्मीना उद्योग, केसर उत्पादन को प्रोत्साहित करने पर जोर देते हुए कहा कि मैं पहाड़ का पानी और जवानी की पुरानी कहावत को बदलना चाहता हूं। यहां के पानी से अगर बिजली पैदा की जाए तो यहां के हर नौजवान को रोजगार मिलेगा, पूरा हिंदोस्तान बिजली से रोशन होगा। पर्यटन से हर छोटा बड़ा आदमी, चायवाला भी कमाता है। उन्होंने कहा कि पर्यटन में रोजगार की खूब संभावना है। इससे हरेक कमाता है। हमने कई देशों के लिए वीजा ऑन अराइवल किया। यह फैसला पहले भी लिया जा सकता था। लेकिन इसके लिए हिम्मत चाहिए था। भाजपा की सरकार बनी तो हम जम्मू कश्मीर में पर्यटन को प्रोत्साहित करेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आप यहां भाजपा की एक मजबूत और स्थिर सरकार बनाइए। मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि मैं आपके सपनों को पूरा करुंगा,आपके सपने पूरे होंगे, हिंदोस्तान के सपने पूरे होंगे।

गौरतलब है कि 20 दिसंबर को जम्मू के 11, राजौरी के चार और कठुआ के पांच विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है। मौजूदा समय में इन 20 सीटों में भाजपा के पास 11 और कांग्रेस के पास पांच सीटें हैं।

पढ़ेंः समस्याओं के लिए कांग्रेस, नेकां और पीडीपी जिम्मेदार

पढ़ेंः जम्मू-कश्मीर को परिवारवाद से मुक्ति दिलाएं

chat bot
आपका साथी