किरण बेदी पुड्डुचेरी की उपराज्यपाल नियुक्त, विश्वास ने कसा तंज

भाजपा नेता किरण बेदी को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने केंद्र शासित राज्य पुडुचेरी का लेफ्टीनेंट गवर्नर नियुक्त किया।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Sun, 22 May 2016 04:35 PM (IST) Updated:Mon, 23 May 2016 07:32 AM (IST)
किरण बेदी पुड्डुचेरी की उपराज्यपाल नियुक्त, विश्वास ने कसा तंज

नई दिल्ली (प्रे)। भाजपा नेता तथा पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी को रविवार को पुड्डुचेरी का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया। राष्ट्रपति भवन से जारी विज्ञप्ति के अनुसार उनकी नियुक्ति पदभार संभालने के दिन से प्रभावी होगी।

अपनी नियुक्ति पर सरकार के प्रति आभार जताते हुए देश की पहली महिला आईपीएस अधिकारी रहीं 66 वर्षीय बेदी ने कहा- 'मैं अपनी जिम्मेदारी पूरी तरह से निभाऊंगी। मैं इस फैसले के लिए सरकार के प्रति आभारी हूं।'

गौरतलब है कि भाजपा ने 2015 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्हें मुख्यमंत्री प्रत्याशी के तौर पर उतारा था। चुनाव में हार के बाद वह सक्रिय राजनीति से अलग-थलग रहीं। किरण बेदी की यह नियुक्ति 30 सदस्यीय पुड्डुचेरी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-द्रमुक गठजोड़ की जीत के तीन दिन बाद ही की गई है। कांग्रेस-द्रमुक गठबंधन ने वहां 17 सीटें जीती हैं। मालूम हो कि नरेंद्र मोदी सरकार ने संप्रग सरकार द्वारा नियुक्त पुड्डुचेरी के उपराज्यपाल वीरेंद्र कटारिया को बर्खास्त कर दिया था। उसके बाद पिछले करीब दो साल से अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल अजय सिंह के पास पुड्डुचेरी का भी अतिरिक्त प्रभार था।

आप नेता विश्वास ने कसा तंज

आम आदमी पार्टी के नेता डॉ. कुमार विश्वास ने एक ट्वीट कर कहा- 'जो फिरता था लिए हाथ में सूरज कल तक, आज खैरात में जुगनू बटोर कर खुश है।'

जानिए, किरण बेदी के बारे में...

किरण बेदी एक सामाजिक कार्यकर्ता और रिटायर्ड आईपीएस हैं जिन्होंने 1972 में पुलिस सेवा में प्रवेश के बाद 2007 में सेवा से रिटायमेंट ले लिया था। वे लोकप्रिय टीवी सीरिज 'आप की कचहरी' की होस्ट भी रह चुकी हैं। उन्होंने दो गैर-सरकारी संगठन भी बनाए हैं जिनमें से एक को नवज्योति इंडिया फाउंडेशन और दूसरे को इंडिया विजन फाउंडेशन के नाम से जाना जाता है।

नवज्योति पुलिस सुधार के लिए और इंडिया विजन फाउंडेशन जेल सुधारों के लिए सक्रिय तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें 1994 में सरकारी सेवा के लिए रमन मैगसेसे पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। हालांकि उन्हें और भी बहुत से पुरस्कार मिल चुके हैं।

किरण बेदी का जन्म 9 जून, 1949 को अमृतसर पंजाब में हुआ था। वे प्रकाश पेशावरिया और प्रेम पेशावरिया की चार बेटियों में से दूसरे नंबर की हैं। उनकी तीन बहनें हैं जिनमें से शशि कनाडा में रहती हैं और एक कलाकार हैं। दूसरी बहन रीता क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट और लेखक है जबकि तीसरी बहन अनु एक वकील हैं।

उन्होंने सैक्रेड हार्ट कन्वेंट स्कूल, अमृतसर से शिक्षा की शुरुआत की थी। बाद में वे छात्र जीवन में टेनिस खेलती रहीं और उन्होंने टेनिस में कई खिताब जीते। वे ऑल-एशियन टेनिस चैम्पियनशिप और एशियन लेडीज टाइटल विजेता रह चुकी हैं।

वे इंग्लिश में बी.ए. (आनर्स) होने के साथ-साथ पॉलिटिकल साइंस में एम.ए. और कानून की स्नातक हैं। साथ ही, वे आई.आई.टी. दिल्ली से डॉक्ट्रेट भी ले चुकी हैं। 1972 में उन्होंने एक कारोबारी बृज बेदी से विवाह किया था। तीन वर्ष बाद उनकी बेटी साइना पैदा हुई थी। वे दो साल के लिए खालसा कॉलेज फॉर वीमेन, अमृतसर में एक लेक्चरर रहीं और बाद में जुलाई 1972 में भारतीय पुलिस सेवा में भर्ती हुई थीं।

एक आई.पी.एस. रहते हुए उन्होंने बहुत सारे महत्वपूर्ण काम किए। वे संयुक्त राष्ट्र पीसकीपिंग ऑपरेशन्स से भी जुड़ी रहीं और इसके लिए उन्हें मेडल भी दिया गया था। उन्हें क्रेन बेदी के नाम से भी जाना जाता है क्योंकि जब वे दिल्ली में ट्राफिक में उच्च पदस्थ अधिकारी थीं तब उन्होंने तत्कालीन प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी की कार को क्रेन से उठवा लिया था और पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना भी लगाया था।

उन्हें जेल प्रशासन में महत्वपूर्ण सुधार करने के लिए भी जाना जाता है। उन्होंने कैदियों के कल्याण के लिए तिहाड़ जेल में बहुत सारे सुधार किए जिसके परिणाम स्वरूप उन्हें रमन मेगसेसे पुरस्कार के साथ साथ जवाहर लाल नेहरू फेलोशिप भी मिली थी। जेल सुधारों के लिए उन्हें 2005 में मानद डॉक्ट्रेक्ट भी प्रदान की गई थी।

chat bot
आपका साथी